मुंबई

‘पंकजा मुंडे BJP छोड़िए, हम बनाएंगे महाराष्ट्र की पहली महिला CM’: कांग्रेस के बड़े नेता का खुला ऑफर

Pankaja Munde Latest News: बीजेपी नेता पंकजा मुंडे के राजनीति से थकान वाले वायरल बयान के बाद कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने उन्हें पार्टी छोड़कर कांग्रेस में आने का ऑफर दिया है। वडेट्टीवार ने कहा कि पंकजा मुंडे महाराष्ट्र की पहली महिला OBC मुख्यमंत्री बनने की क्षमता रखती हैं।
2 min read
Aug 04, 2026
Pankaja Munde News
कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार के बयान से महाराष्ट्र में बढ़ी हलचल। (फोटो सोर्स- PTI)

Pankaja Munde News:महाराष्ट्र की राजनीति में हाल ही में एक बयान ने नई चर्चा छेड़ दी। कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने बीजेपी की नेता पंकजा मुंडे को कांग्रेस में आने का खुला ऑफर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर पंकजा मुंडे बीजेपी छोड़ती हैं तो कांग्रेस उन्हें पार्टी में शामिल करने के लिए अपने वरिष्ठ नेताओं से बात करेगी। इतना ही नहीं, वडेट्टीवार ने उन्हें महाराष्ट्र की पहली महिला OBC मुख्यमंत्री बनने की दिशा में आगे बढ़ने की बात भी कही।

वडेट्टीवार का यह बयान पंकजा मुंडे के उस वायरल वीडियो के बाद आया है, जिसमें वह एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान राजनीति से थकान और इससे अलग होने की इच्छा की बात करती नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद उनके बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

OBC समाज की आवाज को उठाने की अपील

इसी बीच वडेट्टीवार ने पंकजा मुंडे से राजनीति छोड़ने के बजाय OBC समाज की आवाज को और मजबूती से उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंकजा मुंडे को ऐसा कदम नहीं उठाना चाहिए। उनके मुताबिक पंकजा महाराष्ट्र की पहली महिला OBC मुख्यमंत्री बनने की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं।

कांग्रेस विधायक ने बीजेपी पर OBC नेताओं को पर्याप्त सम्मान और राजनीतिक जगह नहीं देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी में कई OBC नेताओं को लग सकता है कि उनके साथ न्याय नहीं हुआ और उनके राजनीतिक संघर्ष और योगदान को वह महत्व नहीं मिला जिसके वे हकदार थे। वडेट्टीवार ने कहा कि हो सकता है पंकजा मुंडे ने भी नाराजगी या परेशानी के चलते राजनीति से दूर होने की बात कही हो।

OBC समाज के वोटों का फायदा मिला

हालांकि, वडेट्टीवार ने यह भी साफ किया कि पंकजा मुंडे को कांग्रेस में शामिल करने का बयान फिलहाल उनकी निजी अपील है। उन्होंने कहा कि उनके पास किसी नेता को पार्टी में शामिल कराने का अधिकार नहीं है। लेकिन अगर पंकजा बीजेपी छोड़ने का फैसला करती हैं तो वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से उनके नाम पर विचार करने की अपील जरूर करेंगे।

वडेट्टीवार ने महाराष्ट्र की बीजेपी सरकार पर भी निशाना साधा। उनका आरोप है कि सरकार को OBC समाज के वोटों का फायदा मिला, लेकिन बाद में OBC नेताओं और मतदाताओं की समस्याओं को उतनी प्राथमिकता नहीं दी गई।

वडेट्टीवार ने ये बातें नागपुर में कहीं। इसके बाद वह भंडारा के लिए रवाना हुए, जहां वह OBC समाज से जुड़ी जातीय जनगणना की मांग को लेकर 'मंडल जनगणना यात्रा' की शुरुआत करने वाले थे।

फिलहाल पंकजा मुंडे की ओर से वडेट्टीवार के इस राजनीतिक ऑफर पर कोई फैसला सामने नहीं आया है। लेकिन उनके वायरल वीडियो के बाद कांग्रेस की ओर से आया यह बयान महाराष्ट्र की सियासत में नई चर्चा जरूर शुरू कर चुका है।

Updated on:
04 Aug 2026 11:57 am
Published on:
04 Aug 2026 11:57 am