मुंबई

पुणे: 23 साल बाद बेटे ने लिया पिता की हत्या का बदला! ‘हत्यारे’ को मौत के घाट उतारा, मामा समेत 4 गिरफ्तार

Pune Murder Case: पुणे में 23 साल पुराने हत्या के मामले में बेटे ने कथित तौर पर पिता की मौत का बदला लिया। पुलिस के अनुसार, मामा और दो दोस्तों के साथ मिलकर आरोपी ने संजय देशमुख की हत्या की। चारों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
2 min read
Jul 21, 2026
Pune Father Murder Revenge
पुणे में 23 साल पुराने कत्ल का खौफनाक बदला (Photo: IANS/File)

Pune News: महाराष्ट्र के पुणे शहर से सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, 23 साल पहले अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए 25 वर्षीय युवक ने अपने मामा और दो दोस्तों के साथ मिलकर कथित 'हत्यारे' को मौत के घाट उतार दिया। जांच में पता चला कि आरोपी को झांसा देकर सुनसान जगह बुलाया गया और फिर धारदार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुणे ग्रामीण पुलिस के मुताबिक, 11 जुलाई को शिंदेवाड़ी इलाके के कात्रज घाट सेक्शन में संजय देशमुख (40) का शव बरामद हुआ था। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई गई, जिसके बाद स्थानीय अपराध शाखा और राजगढ़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पुराने मामलों की पड़ताल के आधार पर पुलिस 25 वर्षीय मंथन वैद्य तक पहुंची। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली।

23 साल पहले हुई थी पिता की हत्या, तब 6 महीने का था बेटा

राजगढ़ पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक चेतन मचाले ने बताया कि 2003 में मामूली विवाद के चलते संजय देशमुख पर मंथन वैद्य के पिता दिनेश वैद्य की हत्या करने का आरोप लगा था। तब मंथन सिर्फ छह महीने का था।

दिनेश वैद्य की हत्या के मामले में संजय देशमुख के खिलाफ विश्रामबाग पुलिस स्टेशन में हत्या का केस दर्ज हुआ था। बाद में वह जमानत पर रिहा हो गया। उसके खिलाफ हत्या के दो और मामले भी दर्ज थे।

पुलिस के अनुसार, इसी साल अप्रैल में देशमुख एक अन्य हत्या के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था। इसके बाद मंथन वैद्य ने अपने मामा संदी कोरी और दोस्तों सौरभ परदेशी व मिजान शेख के साथ मिलकर बदला लेने की योजना बनाई।

झांसा देकर कात्रज घाट बुलाया, फिर किया हमला

संजय देशमुख की बेरहमी से हत्या की गई थी। उनका शव 11 जुलाई को पुणे की भोर तहसील में पुराने कात्रज टनल के पास मिला था। पुलिस ने बताया कि देशमुख पर किसी धारदार हथियार से कई वार किये गए थे।

जांच में सामने आया कि संदी कोरी की संजय देशमुख से पहचान थी। पुलिस के मुताबिक, उसने ही किसी बहाने से देशमुख को कात्रज बुलाया। जैसे ही वह वहां पहुंचा, मंथन वैद्य और उसके साथियों ने धारदार हथियारों से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने इस मामले में मंथन वैद्य, सौरभ परदेशी, संदी कोरी और मिजान शेख को गिरफ्तार कर लिया है। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Updated on:
21 Jul 2026 08:58 am
Published on:
21 Jul 2026 08:35 am