
Mumbai Monsoon 2026: हर साल की तरह इस बार भी जब बादलों ने मुंबई का रुख किया, तो दावों की बड़ी-बड़ी नावें पानी में बह गईं। मानसून की पहली ही मूसलाधार बारिश ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को घुटनों पर ला दिया है। सड़कें समंदर बन चुकी हैं, लोकल ट्रेनें हांफ रही हैं और आम आदमी एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही का शिकार हो रहा है। इस बदइंतजामी को लेकर अब सियासी पारा भी चरम पर पहुंच गया है। शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने मौजूदा सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि सरकार ने मुंबई को एक 'डेथ पिट' (मौत का कुआं) में तब्दील कर दिया है।
शिवसेना यूबीटी नेता आनंद दुबे ने कहा कि मुंबई को बीजेपी सरकार ने गड्ढे में बदल दिया है। इस साल मुंबई में मॉनसून देर से आया। नगर निगम के पास बहुत समय था, लेकिन उन्होंने मॉनसून से पहले की तैयारी का कोई प्लान नहीं बनाया।
भारी बारिश के कारण मुंबई के मानखुर्द इलाके में इमारत ढहने से 6 लोगों की मौत हो गई। जिसमें चार महिला और दो पुरुष शामिल है। इस घटना पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गहरा दुख जताया है। सीएम ने हर मृतक के परिवार वालों को 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है।
बता दें कि भारी बारिश के कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक सेक्शन पर खंडाला एग्जिट के पास एक बड़ा लैंडस्लाइड हुआ है। इसलिए, मुंबई जाने वाली लेन पूरी तरह से बंद कर दी गई है। फिलहाल रास्ता खोलने की कोशिश की जा रही है।
एग्जीक्यूटिव इंजीनियर राकेश सोनवणे ने कहा कि रात भर इलाके में भारी बारिश की वजह से, पुणे से मुंबई जाने वाली लेन पर बड़ी टनल के एग्जिट के पास लैंडस्लाइड हुआ है। इसलिए, इस लेन को बंद कर दिया गया है। बाकी कनेक्टिंग लिंक ठीक और सुरक्षित है। लैंडस्लाइड की वजह से सिर्फ टनल के एग्जिट पर ट्रैफिक रोका गया है और अभी क्लीयरेंस ऑपरेशन चल रहा है। अगले 4-5 घंटों में स्थिति ठीक होने की उम्मीद है।