मुंबई

बदलापुर: साड़ी नहीं खरीदने पर पत्नी बनी हैवान! प्रेशर कुकर से पति को पीटा, फिर गला दबाकर की हत्या

Wife Kills Husband: घटना के बाद आरोपी पत्नी ने मामले को हादसा बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट ने इस पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया।
2 min read
Jul 22, 2026
Wife Kills Husband in Thane
साड़ी के लिए पत्नी ने की पति की हत्या (AI Image)

Thane Murder Case: मुंबई से सटे ठाणे जिले से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां साड़ी नहीं लाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी ने कथित तौर पर पहले प्रेशर कुकर से पति पर हमला किया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद महिला ने मौत को हादसा बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

साड़ी को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, घटना 19 जुलाई को बदलापुर पूर्व स्थित मृतक के किराये के घर में हुई। मृतक की पहचान हरेराम किशुनजी सिंह (35) के तौर पर हुई है. जबकि आरोपी पत्नी का नाम सुनीता देवी (30) है। दोनों मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले के रहने वाले हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाजार से नई साड़ी नहीं लाने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर पत्नी ने गुस्से में आकर प्रेशर कुकर के ढक्कन से पति पर हमला कर दिया। फिर उसका गला घोंट दिया।

हत्या के बाद हादसा बताकर पुलिस को किया गुमराह

पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी महिला ने पति की मौत को दुर्घटना बताकर शिकायत दर्ज कराई। उसके बयान के आधार पर शुरुआत में दुर्घटनावश मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज किया गया था। इस बीच सरकारी अस्पताल से आई मेडिकल रिपोर्ट ने जांच को नया मोड़ दे दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह प्राकृतिक नहीं निकली।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज

बदलापुर पूर्व थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितिन पाटिल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि हरेराम सिंह की मौत गला दबाने से दम घुटने के कारण हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों और मकान मालिक से पूछताछ की, जिसमें पत्नी की भूमिका संदिग्ध पाई गई। शुरू में वह गोलमोल जवाब देकर बच रही थी, लेकिन सख्ती से पूछताछ पर टूट गई और अपराध कबूल कर लिया। जिसके बाद पुलिस ने सुनीता देवी को गिरफ्तार कर लिया।

29 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजी गई आरोपी पत्नी

आरोपी महिला को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 29 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या की पूरी वारदात किस तरह अंजाम दी गई और क्या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी था। सभी जरूरी सबूत जुटाए जा रहे हैं।

Updated on:
22 Jul 2026 04:06 pm
Published on:
22 Jul 2026 04:06 pm
Also Read
View All