नागौर

नागौर में भीषण सड़क हादसा: रोडवेज बस और कार की टक्कर में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, 8 घायल

नागौर के मेड़ता सिटी में एनएच-58 पर चकढाणी के पास कार और रोडवेज बस की भीषण टक्कर में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 घायल हो गए। परिवार जोधपुर से बुटाटी धाम दर्शन के लिए जा रहा था। हादसे के बाद बस खेत में उतर गई।
2 min read
May 17, 2026
Nagaur Merta City Road Accident
Nagaur Merta City Road Accident (Patrika Photo)

Nagaur Merta City Road Accident: मेड़ता सिटी (नागौर): अजमेर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। चकढाणी गांव की सरहद के पास एक कार और रोडवेज बस में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में उतर गई। इस हादसे में कार सवार एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग जोधपुर जिले के रहने वाले थे और एक ही परिवार के सदस्य थे। वे सभी प्रसिद्ध संत चतुरदास महाराज के दर्शन के लिए बुटाटी धाम जा रहे थे।

इसी दौरान रविवार सुबह करीब 8 बजे चकढाणी के पास सामने से आ रही रोडवेज बस से उनकी कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।

स्थानीय लोगों और पुलिस ने चलाया राहत कार्य

दुर्घटना की सूचना मिलते ही कुचेरा थानाधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, सूचना पर 108 एम्बुलेंस के चालक हरेंद्र तेतरवाल भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से भारी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

घायलों का उपचार जारी, मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाए

सभी घायलों को सबसे पहले प्राथमिक उपचार के लिए रेण के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहां से गंभीर रूप से घायल जशोदा, संतोष और एक अन्य सहित तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए मेड़ता उप-जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हादसे में घायल हुए लोग

  • प्रदीप (पुत्र बिरजू)
  • बिरजू (पुत्र रामूराम)
  • जशोदा (पत्नी अमरीश पुरी)
  • संतोष (पत्नी पूसापुरी)
  • विकास (8 महीने का मासूम बच्चा)
  • मानसी (3 साल की बच्ची)

पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए कुचेरा अस्पताल की मोर्चरी (शवगृह) में रखवा दिया है। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर छा गई है।

Updated on:
17 May 2026 01:49 pm
Published on:
17 May 2026 10:39 am