
नागौर। लाडनूं उपखण्ड के मुंडवा गांव में रविवार को हुए एक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं। खेत में कृषि कार्य के दौरान 11 केवी विद्युत लाइन का तार टूटकर खेत की लोहे की तारबंदी और विद्युत डीपी पर गिर गया। इससे खेत की गीली मिट्टी में करंट फैल गया। करंट की चपेट में आने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई।
पुलिस के अनुसार हुडास निवासी मांगीलाल छीपा (33) पुत्र खाजू मोहम्मद तथा पड़ोसी गांव मुंदड़ा निवासी गजेंद्रसिंह राजपूत (28) पुत्र नानूसिंह रविवार सुबह करीब सुजानगढ़ तहसील के ग्राम मुंडवा स्थित सायरसिंह राजपूत के खेत में फव्वारे की पाइप बदलने और बुवाई संबंधी कार्य कर रहे थे। इस दौरान खेत के पास से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन अचानक टूट गई और गीली मिट्टी में करंट प्रवाहित हो गया। दोनों युवक करंट की चपेट में आ गए और उन्हें संभलने अवसर तक नहीं मिला।
मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों के पास से गुजर रही जर्जर विद्युत लाइन की स्थिति को लेकर विभाग को कई बार अवगत कराया गया। लाइन की मरम्मत, तारों की ऊंचाई बढ़ाने और सुरक्षा उपाय करने की मांग की गई, लेकिन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होती तो यह हादसा नहीं होता।
हादसे में जान गंवाने वाला गजेंद्रसिंह राजपूत 26 जून को रोजगार के सिलसिले में अमेरिका जाने वाला था। परिवार ने उनकी विदेश यात्रा की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। विवाहित गजेंद्रसिंह अपने पीछे पत्नी, दो मासूम बेटियां और वृद्ध माता-पिता को छोड़ गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
वहीं मांगीलाल छीपा पांच भाइयों में सबसे बड़ा था और खेती-बाड़ी व मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। पिता के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसी पर थी। उनके पीछे पत्नी, दो छोटे बच्चे और वृद्ध मां हैं।
परिजनों ने सुजानगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कर विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं हुडास पंचायत प्रशासक चांद कंवर ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए क्षेत्र की जर्जर विद्युत लाइनों की तत्काल जांच और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता बताई।