नागौर

राजस्थान: मेड़ता में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और CM भजनलाल शर्मा ने की ‘कारपूलिंग’, काफिले में दिखीं महज 6 गाड़ियां

मेड़ता में गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ऊर्जा बचत का संदेश देते हुए कारपूलिंग की। दोनों नेता हेलीपैड से राव दूदा स्मारक तक एक ही गाड़ी में पहुंचे। उनके काफिले में सिर्फ 6 गाड़ियां शामिल रहीं। बाद में दोनों जोधपुर में भैरों सिंह शेखावत की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
2 min read
May 14, 2026
Rajnath Singh and Bhajan Lal Sharma Carpool in Merta
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत करते हुए सीएम भजनलाल शर्मा (फोटो-एक्स)

मेड़ता/जोधपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल बचाने और ऊर्जा संरक्षण की हालिया अपील का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। गुरुवार को नागौर जिले के मेड़ता में एक खास नजारा देखने को मिला, जब देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संसाधनों की बचत का संदेश देते हुए 'कारपूलिंग' की। दोनों दिग्गज नेता हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक एक ही गाड़ी में सवार होकर पहुंचे।

आमतौर पर वीवीआईपी दौरों में सुरक्षा कारणों से वाहनों का लंबा काफिला चलता है, जिसमें 15 से 20 गाड़ियां शामिल होती हैं। लेकिन मेड़ता दौरे पर प्रधानमंत्री की अपील को सर्वोपरि रखते हुए काफिले को बेहद छोटा रखा गया।

पूरे दौरे के दौरान काफिले में महज 6 गाड़ियां नजर आईं। गौरतलब है कि बुधवार को स्वयं पीएम मोदी ने भी अपने काफिले को छोड़कर मात्र 2 गाड़ियों के साथ सफर कर इस मुहिम की शुरुआत की थी।

मेड़ता में राव दूदा की प्रतिमा का अनावरण

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दोपहर 12:15 बजे मेड़ता के डांगावास स्थित हेलीपैड पहुंचे। यहां से दोनों नेता एक ही वाहन में सवार होकर सबसे पहले प्रसिद्ध चारभुजा नाथ मंदिर पहुंचे। मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद, उन्होंने मेड़ता के संस्थापक राव दूदा की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान रक्षा मंत्री ने राव दूदा के शौर्य और भक्ति की विरासत को नमन किया।

जोधपुर में पूर्व उपराष्ट्रपति शेखावत को देंगे श्रद्धांजलि

मेड़ता के कार्यक्रम के बाद दोनों नेताओं का अगला पड़ाव जोधपुर है। तय कार्यक्रम के अनुसार, रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दोपहर बाद जोधपुर पहुंचेंगे। यहां रातानाडा चौराहे के पास राजस्थान के लाड़ले नेता और पूर्व उपराष्ट्रपति स्वर्गीय भैरों सिंह शेखावत की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।

नेताओं का कार्यक्रम विवरण

दोपहर 2:35 बजे जोधपुर पहुंचेंगे, प्रतिमा अनावरण के बाद शाम 4:00 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना होंगे। राजनीतिक गलियारों में इस 'कारपूलिंग' और छोटे काफिले की चर्चा जोरों पर है। जानकारों का मानना है कि जब शीर्ष पदों पर बैठे व्यक्ति इस तरह की सादगी और बचत का प्रदर्शन करते हैं, तो इसका सकारात्मक प्रभाव प्रशासन और आम जनता दोनों पर पड़ता है।

Published on:
14 May 2026 01:31 pm