
हर बड़े बदलाव का जन्म एक छोटे से आइडिया से होता है। लेकिन हर आइडिया मंजिल तक नहीं पहुंच पाता। कभी पैसों की कमी, कभी तकनीकी जानकारी का अभाव, तो कभी अपनों का ही साथ न मिल पाने के कारण अनगिनत आइडिया डायरी के पन्नों में कैद रह जाते थे। अब तस्वीर बदल रही है। लोग एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI - Artificial Intelligence) की मदद से अपने पसंदीदा विषयों पर रिसर्चकर रहे हैं, नए-नए प्रयोग कर रहे हैं और 'वीकेंड प्रोजेक्ट्स' पर काम कर रहे हैं। यानी एआई करोड़ों लोगों के लिए रचनात्मकता का नया मंच बन रहा है। खासकर ऐसे लोगों के लिए यह वरदान साबित हो रहा है, जिनके पास हुनर और आइडिया तो थे, लेकिन उन्हें साकार करने के लिए न तकनीकी ज्ञान था और न ही संसाधन।
पहले ऐप बनाने के लिए प्रोग्रामिंग सीखनी पड़ती थी, किताब लिखने के लिए प्रकाशक चाहिए था और संगीत बनाने के लिए स्टूडियो। अब एआई इन बाधाओं को तेज़ी से कम कर रहा है। गानों का शौक रखने वाले लोग एआई से संगीत बनाकर गाना गा रहे हैं तो लेखन का शौक रखने वाले अपने किस्से-कहानियों को रोचक अंदाज में पेश कर रहे हैं। अब विचार को उत्पाद में बदलने की लागत और मेहनत बेहद कम हो गई है। यानी दुनिया में ऐसे लोगों की नई पीढ़ी उभर रही है, जो पहले सिर्फ उपभोक्ता थे, अब निर्माता बन रहे हैं। एआई रिसर्च, डिज़ीइन, कोडिंग, कंटेंट जैसे कई विषयों में सहयोगी की भूमिका निभा रहा है। एक रिपोर्ट के अनुसार भारत में लगभग 55-65 करोड़ इंटरनेट यूज़र्स तक एआई सुविधाएं किसी न किसी रूप में पहुंच रही हैं।
एआई से लोग कई तरह के काम कर रहे हैं। बिज़नेस की बात करें तो लोग अपने ब्रांड, वेबसाइट, ऑनलाइन स्टोर बनाने के लिए एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं। टेक्नोलॉजी की बात करें तो लोग ऐप, गेम, सॉफ्टवेयर, चैटबॉट जैसी चीज़ें बनाने के लिए भी एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं। लेखन के क्षेत्र में किताब, ब्लॉग, स्क्रिप्ट, ई-बुक लिखने के लिए भी लोग एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं। कंटेंट वीडियो, रील, पॉडकास्ट, विज्ञापन बनाने के लिए भी लोग एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं। लोगो डिज़ाइन करने, पोस्टर, इलस्ट्रेशन, 3D मॉडल बनाने के लिए भी लोग एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं। पढ़ाई के सेक्टर में शिक्षा कोर्स, नोट्स, प्रेजेंटेशन, ट्यूटर आदि के लिए एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं। खेती के क्षेत्र में लोग कृषि फसल सलाह, कीट पहचान, मिट्टी, खाद, सिंचाई और बाजार विश्लेषण के लिए एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं। स्वास्थ्य संबंधित रिसर्च के मामले में लोग डाइट, फिटनेस, स्वास्थ्य जानकारी पाने के लिए एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं। दैनिक जीवन में यात्रा, बजट, इवेंट, भोजन योजना के लिए लोग एआई का सिएटम कर रहे हैं। इसके अलावा लोग रिसर्च डेटा विश्लेषण, रिपोर्ट, आइडिया वैलिडेशन, संगीत बनाने और ऐसे ही कई कामों के लिए एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं।