
Air India Plane Crash: अहमदाबाद में गुरुवार को एयर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर (फ्लाइट AI171), जो लंदन के गैटविक हवाई अड्डे के लिए रवाना हुआ था, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद मेघनीनगर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में 242 लोग सवार थे, जिनमें 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर शामिल थे। यह विमान एक डॉक्टरों के हॉस्टल पर जाकर गिरा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दौरान कई लोग घायल भी हुए है। वहीं घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुजरात के अहमदाबाद के सिविल अस्पताल पहुंची एक महिला ने कहा मेरा बेटा लंच ब्रेक के दौरान हॉस्टल गया था और विमान वहीं दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मेरा बेटा सुरक्षित है और मेरी उससे बात हुई है। वह दूसरी मंजिल से कूद गया था इसलिए उसे कुछ चोटें आई हैं।
वहीं सिविल अस्पताल में एक व्यक्ति ने कहा, "मेरी साली लंदन जा रही थीं। एक घंटे के भीतर मुझे खबर मिली कि विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इसलिए मैं यहां आया हूं।
सिविल अस्पताल में एक व्यक्ति ने बताया मेरी बहन और बहनोई दोनों अंदर हैं, लेकिन वे हमें अंदर नहीं जाने दे रहे हैं। वे लंदन जा रहे थे। मेरी भतीजी लंदन में है, और वे उससे मिलने जा रहे थे। उसने मुझे लंदन से फोन करके बताया कि उसके माता-पिता विमान में हैं, और फिर मैं यहां पहुंचा।
बता दें कि अहमदाबाद के सिविल अस्पताल के बाहर अहमदाबाद विमान दुर्घटना में प्रभावित परिवार के सदस्य एकत्रित हुए। दरअसल, वे अपने प्रियजनों के बारे में जानकारी लेने के लिए यहां आए हैं। वहीं एक व्यक्ति अस्पताल के बाहर रो पड़ा और अधिकारियों से उसे अंदर जाने देने की विनती करने लगा।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु एयर इंडिया विमान दुर्घटना स्थल पर स्थिति का जायजा लिया। वहीं एयर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद चल रहे मानवीय सहायता और आपदा राहत (HADR) प्रयासों में नागरिक प्रशासन की सहायता के लिए लगभग 130 कर्मियों वाली भारतीय सेना की टीमें तैनात की गई हैं।
भारतीय सेना की प्रतिक्रिया में मलबा हटाने के लिए जेसीबी के साथ इंजीनियरिंग टीमें, डॉक्टरों और पैरामेडिक्स वाली मेडिकल टीमें, त्वरित कार्रवाई दल (QAT), अग्निशामक यंत्रों और पानी के बाउजर के साथ अग्निशमन संपत्तियां और साइट प्रबंधन के लिए प्रोवोस्ट स्टाफ शामिल हैं। सैन्य अस्पताल को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है।