राष्ट्रीय

NCP विलय को लेकर शरद पवार के करीबी खोल दिया एक और बड़ा राज, बोले- अजित दादा कह रहे थे कि…

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल ने खुलासा किया कि उन्होंने अजित पवार गुट के साथ विलय की बातचीत का नेतृत्व किया था। उन्होंने आगे बढ़ने से पहले पार्टी के सभी प्रमुख सदस्यों से सहमति ली थी।

2 min read
Jan 31, 2026
NCP merger news, NCP reunion, Sharad Pawar Ajit Pawar merger,
अजित पवार और शरद पवार। (Photo-X)

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) के सीनियर नेता जयंत पाटिल ने पार्टी के दूसरे गुट के साथ विलय की कोशिशों के बारे में एक बड़ा खुलासा किया है।

पाटिल विलय की बातचीत का नेतृत्व कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उन्होंने विलय की बातचीत को आगे बढ़ाने से पहले सभी पार्टी सदस्यों की सहमति ले ली थी।

उन्होंने दावा किया कि अजित पवार ने उन्हें विलय की स्थिति में अपने सभी विधायकों के समर्थन का आश्वासन दिया था। पाटिल ने अजित पवार के हवाले से कहा- वह (अजित) बार-बार कहते थे कि मेरे 40 विधायकों में से 39 या शायद सभी 40 ठीक वैसे ही वोट देंगे जैसा मैं कहूंगा। एक या दो इधर-उधर राय दे सकते हैं, लेकिन कोई भी मुझसे अलग स्टैंड नहीं लेगा।

पाटिल ने आगे कहा कि सभी तरफ से विलय के लिए जबरदस्त समर्थन है और हर कोई चाहता है कि यह जल्द से जल्द हो जाए। एक वीडियो बयान में पाटिल ने कहा- अजीत दादा बहुत जोर दे रहे थे कि हमें एक साथ आना चाहिए।

अजित दादा की आखिरी इच्छा पूरी होनी चाहिए-

पाटिल ने कहा- हमारी तरफ से किसी को कोई आपत्ति नहीं थी। इसलिए, अगर भगवान दोनों तरफ के सभी लोगों को, इस तरफ और उस तरफ, अजीत दादा की आखिरी इच्छा पूरी करने की समझ दे क्योंकि अजित दादा की आखिरी इच्छा पूरी होनी चाहिए।

उन्होंने कहा- पिछले आठ-नौ महीनों से, मैं अकेला ही ये बातचीत कर रहा था; यह कहने की जरूरत नहीं है कि कोई और इसमें शामिल नहीं था। जैसे ही मंत्रालय में बातचीत शुरू हुई, मैंने दूसरों से भी बात करना शुरू कर दिया।

पाटिल ने कहा- अजीत दादा से मैं हमेशा पूछता था कि क्या आपने विलय की बात अपने साथ वालों को बताई है? तो वह कहते थे कि जयंत राव, तुम बिल्कुल चिंता मत करो।मैं जो भी कहूंगा, हमारे सभी विधायक वैसा ही करेंगे।

अजित गुट के विधायक ने क्या कहा?

उधर, अजित गुट के राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक अनिल पाटिल ने हाल ही में दिवंगत हुए एनसीपी प्रमुख अजीत पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को पार्टी की कमान संभालने के लिए समर्थन दिया है।

पार्टी के भविष्य के बारे में पत्रकारों से बात करते हुए पाटिल ने कहा- हमारी कोशिश है कि सुनेत्रा पवार राज्य के साथ-साथ देश में भी पूरी पार्टी की लीडरशिप संभालें।

Published on:
31 Jan 2026 02:45 pm