राष्ट्रीय

Amravati Blackmail Case: 180 नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण करने वाले दरिंदे के घर चला बुलडोजर

Bulldozer Action:महाराष्ट्र के अमरावती में 180 नाबालिग लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर उनके 350 अश्लील वीडियो बनाने वाले मोहम्मद अयाज पर बड़ा एक्शन हुआ है। प्रशासन ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके घर के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया है।

3 min read
Apr 15, 2026
अमरावती ब्लैकमेल केस का आरोपी मोहम्मद अयाज और ध्वस्त किया गया निर्माण । (फोटो : Viral on X)

Minor Girls Harassment : महाराष्ट्र के अमरावती जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 180 से अधिक नाबालिग लड़कियों को 'प्रेम जाल' में फंसा कर उनका यौन शोषण करने वाले 19 वर्षीय मोहम्मद अयाज उर्फ ​​तनवीर के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। पुलिस ने न सिर्फ मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, बल्कि अचलपुर नगर परिषद ने उसके घर के अवैध निर्माण पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चला कर उसे ध्वस्त कर दिया है।

ये भी पढ़ें

Bihar Politics: सम्राट चौधरी बने बिहार के CM, तेजस्वी ने दी बधाई, कहा-इलेक्टेड को हटाकर बने सिलेक्टेड

सोशल मीडिया से बिछाया 'प्यार का जाल'

रिपोर्ट्स के अनुसार, मोहम्मद अयाज और उसके साथियों ने स्नैपचैट और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का सहारा लेकर स्कूल-कॉलेज जाने वाली नाबालिग लड़कियों को अपना शिकार बनाया। आरोपी इन मासूम लड़कियों को अपने झूठे प्रेम जाल में फंसा कर मुंबई और पुणे जैसे शहरों में ले जाता था। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि अयाज ने इन लड़कियों के करीब 350 अश्लील वीडियो कैमरे में कैद किए। इन वीडियो के माध्यम से लड़कियों को ब्लैकमेल किया जाता था और उन्हें देह व्यापार के अंधेरे कुएं में धकेलने की गहरी साजिश रची जा रही थी।

प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: चला बुलडोजर

यह मामला तब प्रकाश में आया जब आरोपी की कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। इसके बाद स्थानीय भाजपा सांसद अनिल बोंडे ने पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की। मामला बढ़ता देख अचलपुर नगर परिषद की टीम हरकत में आई। नगर निगम ने अतिक्रमण का पूर्व नोटिस देते हुए, अयाज के आवास पर बनी लोहे की सीढ़ियों और अवैध ढांचे को जेसीबी मशीन से तोड़ दिया। इस सख्त प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान भाजपा विधायक प्रवीण तायडे भी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे थे।

राजनीतिक कनेक्शन और एआईएमआईएम की सफाई

मोहम्मद अयाज का नाम राजनीतिक दल एआईएमआईएम से भी जोड़ा जा रहा था, क्योंकि वायरल तस्वीरों में वह पार्टी के अमरावती अध्यक्ष से पत्र लेते और रैलियों में रील्स बनाते हुए दिखा था। हालांकि, विवाद बढ़ते देख एआईएमआईएम के जिला अध्यक्ष सैयद मुजीब ने इससे पल्ला झाड़ लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अचलपुर ग्राम पंचायत चुनाव में अयाज को सोशल मीडिया का काम दिया गया था, लेकिन काम में घोर लापरवाही के कारण उसे चुनाव के तुरंत बाद पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। अब उसका पार्टी से कोई संबंध नहीं है।

पुलिस कार्रवाई: अदालत ने भेजी रिमांड

अमरावती पुलिस ने मोहम्मद अयाज और उसके करीबी साथी उजेर खान समेत कुल चार आरोपियों को धर दबोचा है। अदालत में पेशी के बाद मुख्य आरोपी अयाज को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पूछताछ के दौरान अयाज और उजेर ने अपने खौफनाक अपराधों को पुलिस के सामने कुबूल कर लिया है।

अमरावती और पूरे महाराष्ट्र में भारी आक्रोश

इस घटना के बाद अमरावती और पूरे महाराष्ट्र में लोगों के बीच भारी आक्रोश है। स्थानीय जनता और सामाजिक संगठनों ने मांग की है कि ऐसे दरिंदों को फांसी की सजा दी जाए। राजनीतिक गलियारों में भी इस घटना की कड़ी निंदा हो रही है और भाजपा नेताओं ने प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे अपराधियों के लिए एक कड़ा संदेश बताया है।

पुलिस अयाज के जब्त मोबाइल और लैपटॉप की फोरेंसिक जांच कर रही

पुलिस अब अयाज के जब्त किए गए मोबाइल और लैपटॉप की फोरेंसिक जांच कर रही है। साइबर सेल की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि क्या ये अश्लील वीडियो डार्क वेब या किसी अन्य अश्लील साइट पर बेचे गए हैं। इसके अलावा, पुलिस उन बाकी 180 लड़कियों की पहचान गुप्त रखते हुए उनकी काउंसलिंग की व्यवस्था कर रही है और इस पूरे रैकेट में शामिल अन्य सफेदपोश चेहरों की तलाश तेज कर दी गई है।




Updated on:
15 Apr 2026 02:31 pm
Published on:
15 Apr 2026 02:30 pm
Also Read
View All