
Assam CM Oath Ceremony: असम विधानसभा चुनाव में जीत के बाद आज हिमंत बिस्व सरमा लगातार दूसरी बार सीएम पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह खानापारा में सुबह 11:40 बजे आयोजित होगा। राज्यपाल हिमंत सरमा और चार अन्य विधायकों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री और बीजेपी शासित राज्यों के सीएम मौजूद रहेंगे।
यह एनडीए का लगातार तीसरा कार्यकाल होगा, जो 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री सरबानंदा सोनोवाल के नेतृत्व में गठबंधन सरकार के साथ सत्ता में आया था। हिमंत सरमा राज्य में लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री का पदभार संभालने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता हैं।
असम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के नए मंत्रिमंडल में मंगलवार को सिर्फ चार नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे। इनमें बीजेपी के दो नेता और उसके सहयोगी दल एजीपी और बीपीएफ के एक-एक नेता शामिल हैं।
रामेश्वर तेली (Rameswar Teli): चाय बागान समुदाय के बड़े नेता माने जाते हैं। वे केंद्र सरकार में तीन मंत्रालयों में राज्य मंत्री रह चुके हैं। इस बार उन्होंने दुलियाजान सीट से जीत दर्ज की है।
अजंता नियोग (Ajanta Neog): पहले कांग्रेस में थीं, बाद में बीजेपी में शामिल हुईं। वह लगातार छठी बार गोलाघाट सीट से जीती हैं। राज्य की पहली महिला वित्त मंत्री भी रह चुकी हैं।
अतुल बोरा (Atul Bora): एजीपी के अध्यक्ष हैं और पिछली बीजेपी सरकारों में मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने फिर से बोकाखाट सीट जीती है।
चरण बोरो: बीपीएफ नेता हैं और मजबत सीट से लगातार जीत रहे हैं। पिछले साल उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया था और वे परिवहन व बोडोलैंड कल्याण विभाग संभाल चुके हैं।
हिमंत बिस्व सरमा के शपथ ग्रहण समारोह के लिए केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी गुवाहाटी पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं तीसरी बार ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए असम के लोगों को दिल से धन्यवाद देती हूं। आज असम के लिए भी बहुत खुशी की बात है, क्योंकि आज मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। तीसरी बार, पूरे बहुमत के साथ BJP की सरकार बनी है।
असम विधानसभा में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है और उसके पास 82 सीटें हैं। वहीं कांग्रेस को 19 सीटों पर जीत मिली है। बीओपीएफ ने 10 सीटों पर कब्जा जमाया है, जबकि एजीपी को भी 10 सीटें मिली हैं। इसके अलावा एआईयूडीएफ के खाते में 2 सीटें गई हैं।