
बांकीपुर उपचुनाव को लेकर वोटों की काउंटिंग जारी है। जनसुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर भाजपा कैंडिडेट नीरज कुमर सिन्हा से काफी आगे हैं। वह लगातार जीत की ओर आगे बढ़ रहे हैं।
इस बीच, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का एक पुराना बयान काफी चर्चा में हैं। बता दें कि चुनाव से भाजपा ने अपनी सीट बचाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। पवन सिंह और मनोज तिवारी समेत तमाम बड़े कलाकारों को भी प्रशांत किशोर के खिलाफ उतारा।
वोटिंग से ठीक पहले सीएम सम्राट चौधरी और नितिन नवीन भी अपने कैंडिडेट को जिताने के लिए मैदान में उतर गए। इस दौरान, उन्होंने रोड शो और रैली भी की।
बांकीपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा था- बांकीपुर की जनता अहंकार के साथ कभी खड़ी नहीं रही है। यहां की जनता के साथ हमारे विनम्र संबंध रहे हैं।
रैली को संबोधित करते हुए नितिन ने कहा था- जो लोग भाजपा और बांकीपुर की जनता के बीच विश्वास तोड़ने का काम कर रहे हैं, उन्हें मैं बता देना चाहता हूं कि वह अपने मकसद में कामयाब नहीं होंगे।
उन्होंने आगे कहा- बांकीपुर में मेरा परिवार रहता है, मेरा घर है और मेरे घर को भेदना इतना आसान नहीं है। इस बार नीरज सिन्हा की जीत नया इतिहास बनाने जा रही है।
नितिन ने इस दौरान इशारों में विरोधियों को भी घेरा था। नवीन ने कहा था- कुछ लोगों को केवल इस बात से पीड़ा हो रही है कि एक सामाजिक कार्यकर्ता को भाजपा ने कैसे टिकट दे दिया।
बता दें कि प्रशांत किशोर ने पहली बार चुनाव में उतारकर अपनी किस्मत को आजमाया है। उन्होंने 2025 के विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी से कई उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन खुद चुनाव नहीं लड़ा था। इस बार, वह खुद उतरे और कमाल कर दिखाया।
चुनाव के नतीजों को लेकर सोशल मीडिया पर तमाम तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का दावा है कि भाजपा को अति आत्मविश्वास के चलते नुकसान का समाना करना पड़ा है।