राष्ट्रीय

Bankipur Result: तीसरे राउंड की गिनती के बाद भी प्रशांत किशोर BJP से आगे, समर्थकों का बढ़ा उत्साह, कहा- हमने जमीन पर काम किया

Bankipur by-election: दूसरे राउंड की गिनती के बाद बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर 3790 वोटों के साथ भाजपा से करीब 1000 वोटों से आगे हैं। इसको लेकर जन सुराज समर्थकों में उत्साह चरम पर है।
2 min read
Aug 03, 2026
prashant kishor
समर्थकों के साथ प्रशांत किशोर। (फोटो- ANI)

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर वोटों की काउंटिंग जारी है। तीसरे राउंड की गिनती समाप्त हो गई है। अब तक प्रशांत किशोर को 5032 वोट मिले हैं। वहीं, भाजपा 3870 वोटों के साथ जन सुराज से पीछे है। दूसरे राउंड की गिनती के बाद प्रशांत किशोर को 3790 वोट मिले थे।

दूसरे राउंड की काउंटिंग के बाद से ही जन सुराज समर्थकों का उत्साह बढ़ा हुआ है। एक समर्थक ने कहा- पहले राउंड में हम भाजपा से आगे हैं, हम लोगों की ही जीत होगी, हमने जमीन पर काम किया है।

इस बार बांकीपुर में बदलाव के मूड में थी जनता

समर्थक ने आगे कहा- जनता इस बार बांकीपुर में बदलाव के मूड में थी, हम लोग मजे से जीत रहे हैं। वहीं, एक अन्य समर्थक ने कहा- इस बार बांकीपुर में जनता का राज स्थापित होने जा रहा है। अब बिहार में भी बदलाव होगा। इस बार बांकीपुर इतिहास रचने जा रहा है।

प्रशांत किशोर के एक अन्य समर्थक ने कहा- जिस दिन मतदान हुआ, उसी दिन हमें जनता का रुझान देखते हुए भरोसा था कि जन सुराज की जीत होगी। 21 राउंड की काउंटिंग होनी है, पहले राउंड में ही हमने भाजपा को मात दे दी है। हम हर राउंड में भाजपा से आगे रहेंगे।

काउंटिंग के बीच बारिश

बांकीपुर में काउंटिंग के बीच बारिश शुरू हो गई है। इस पर प्रशांत किशोर के समर्थकों ने कहा- पापियों का नाश हो रहा है, भगवान के भी खुशी के आंसू निकल रहे हैं। भाजपा हार रही है, हम जीत रहे हैं।

बता दें कि बांकीपुर में भाजपा और जन सुराज के बीच कांटे की टक्कर है। पहले सियासी गलियारों में यह खबरें थी कि बांकीपुर में मुकाबला त्रिकोणीय होगा, लेकिन दो राउंड की गिनती के आंकड़े जो सामने आए हैं, उससे साफ है कि राजद मुकाबले में नहीं है। अब तक उसे काफी कम वोट मिले हैं।

प्रशांत किशोर ने कुछ नहीं कहा

हालांकि, रुझानों में बढ़त के बाद प्रशांत किशोर की ओर से अब तक कोई बयान सामने नहीं आया है। राजद और भाजपा नेताओं की ओर से भी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन थोड़ी देर पहले भाजपा कार्यालय में मिठाई बनने की तस्वीर देखी गई थी।

Updated on:
03 Aug 2026 11:03 am
Published on:
03 Aug 2026 10:14 am