Bengal Congress List: कांग्रेस ने 294 में से 284 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी है। अधीर रंजन चौधरी को बहरामपुर से प्रत्याशी बनाया है।
Bengal Congress List:बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की है। पार्टी ने पहली लिस्ट में 284 प्रत्याशियों का नाम जारी किया है। बहरामपुर से अधीर रंजन चौधरी को टिकट दिया है। वहीं ममता बनर्जी के सामने प्रदीप प्रसाद को उतारा है। इसके अलावा मौसम नूर को भी कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है।
कांग्रेस ने पहली सूची में 39 महिलाओं को टिकट दिया है। वहीं 68 अनुसूचित जाति (SC) और 16 अनुसूचित जनजाति (ST) प्रत्याशियों को टिकट दिया है। दार्जिलिंग से मदन राय, सुजापुर से अब्दुल हन्नान, डायमंड हार्बर से गौतम भट्टाचार्य, आसनसोल दक्षिण से सौविक मुखर्जी को प्रत्याशी बनाया है।
पिछली बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 में कांग्रेस ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के नेतृत्व वाले लेफ्ट फ्रंट के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, लेकिन दोनों दल एक भी सीट नहीं जीत सके थे। इस बार कांग्रेस ने सभी 294 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी को मुर्शिदाबाद के बरहामपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। चौधरी 1999 से पांच बार इस क्षेत्र से लोकसभा सांसद रह चुके हैं, लेकिन 2024 में उन्हें यूसुफ पठान (तृणमूल कांग्रेस) से हार का सामना करना पड़ा था।
टिकट मिलने के बाद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि मैं कांग्रेस का पुराना सिपाही हूं, पार्टी जो भी मुझे जिम्मेदारी देगी, उसे निभाऊंगा।
पूर्व सांसद मौसम बेनजीर नूर को मालदा जिले की मालतीपुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। नूर 2009 और 2014 में कांग्रेस के टिकट पर सांसद रह चुकी हैं। 2019 में वह ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गई थीं, लेकिन इस साल जनवरी में फिर कांग्रेस में वापसी करते हुए राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया।
प्रदेश की 294 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण के लिए 23 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। चुनाव के बाद वोटों की गिनती और नतीजों की घोषणा 4 मई, 2026 को की जाएगी।