
Lok Sabha Elections 2024 AAP: लोकसभा चुनाव मुहाने पर है और नेताओं का पाला बदलने का सिलसिला जारी है। पंजाब में मंगलवार को कांग्रेस के एक सांसद ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था और आज आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। सांसद सुशील कुमार रिंकू और जालंधर ईस्ट से आप विधायक शीतल अंगूरल कुछ देर पहले सत्ताधारी बीजेपी में शामिल हो गए। बता दें कि सुशील कुमार रिंकू ने ऐसे समय में बीजेपी ज्वाइन की है जब आम आदमी पार्टी ने उन्हें जालंधर से टिकट देने की घोषणा कर दी थी। महागठबंधन में शामिल आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पंजाब में अलग-अलग चुनाव लड़ रही है। रिंकू पहले कांग्रेस में रह चुके हैं और उन्होंने जालंधर पश्चिम सीट से 2017 में विधायकी का चुनाव जीता था।
आप के एकलौते लोकसभा सांसद सुशील कुमार रिंकू भाजपा नेता विनोद तावड़े ने भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता दिलाई। सुशील के साथ ही जालंधर ईस्ट से आम आदमी पार्टी के विधायक शीतल अंगूराल भी बीजेपी में शामिल हुए। रिंकू ने कहा कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की कार्यशैली से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि चुनाव में जो विकास के वादे उन्होंने किए थे, उन्हें पूरा करने में पंजाब सरकार ने सहयोग नहीं किया। इस दौरान पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ भी मौजूद रहे।
आम आदमी पार्टी ने उन्हें 2023 में जालंधर लोकसभा सीट के उपचुनाव में अपना प्रत्याशी बनाया था। यहां से जीत दर्ज करने के बाद वह पिछले एक साल से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। गौरतलब है कि दिल्ली में समझौते के बावजूद पंजाब में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं शीतल अंगुराल ने साल 2022 विधानसभा चुनाव में सुशील कुमार रिंकू को हराया था। शीतल अंगुराल के हाथों मिली इस हार के बाद रिंकू ने आप का दामन थामा था।
पंजाब में कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते और पंजाब के लुधियाना से कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने मंगलवार को भाजपा का दामन थाम लिया। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े एवं अन्य नेताओं की मौजूदगी में रवनीत सिंह बिट्टू ने मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। विनोद तावड़े ने उनका पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि वह पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते हैं, तीन बार से सांसद हैं और उनके जैसे नेता के पार्टी में जुड़ने से पंजाब में भाजपा और ज्यादा मजबूत होगी।
भाजपा में शामिल होने के बाद रवनीत सिंह बिट्टू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह शहीद के परिवार से आते हैं और विश्वास के साथ कह सकते हैं कि प्रधानमंत्री ने पंजाब के लिए बहुत कुछ किया है और बहुत कुछ करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनने जा रही है और इसमें पंजाब क्यों पीछे रहे?
उन्होंने कहा कि आतंकवाद के समय भाजपा और आरएसएस ने मिलकर पंजाब को शांत किया था। अब वह पंजाब के हर वर्ग के लोगों को प्रधानमंत्री और भाजपा के साथ जोड़ने के लिए काम करेंगे। उल्लेखनीय है कि पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मंगलवार को यह ऐलान किया था कि पार्टी राज्य में लोकसभा की सभी 13 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी।