राष्ट्रीय

BJP: यूपी में हैट्रिक की तैयारी में जुटी भाजपा, नई प्रदेश टीम जल्द, सीट बंटवारे पर NDA में हलचल

UP BJP: पश्चिम बंगाल में जीत के बाद बीजेपी ने पंजाब और उत्तर प्रदेश पर फोकस बढ़ा दिया है। यूपी में नई प्रदेश टीम की घोषणा जल्द हो सकती है। 403 विधानसभा सीटों के बंटवारे को लेकर एनडीए सहयोगियों के बीच हलचल तेज है। कमजोर सीटों पर सहयोगी दलों ने दावेदारी शुरू कर दी है।

2 min read
Jun 22, 2026
up bjp
भाजपा

UP Election 2027: पश्चिम बंगाल में भारी जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी ने जहां पंजाब के चुनाव अभियान की शुरुआत शनिवार से कर दी है वहीं उत्तर प्रदेश में हैट्रिक बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। पार्टी वहां जल्द ही नई प्रदेश टीम की घोषणा करेगी। इसे मुख्यालय के स्तर पर हरी झंडी दे दी है और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी इसकी कभी भी घोषणा कर सकते हैं। एनडीए के घटक दलों के बीच विधानसभा की 403 सीटों के बंटवारे को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गयी है। हालांकि सीट शेयरिंग का फार्मूला भाजपा के लिए चुनौती बन सकता है।

पिछले दिनों दिल्ली पहुंचे नेताओं ने की थी मांग


पिछले दिनों एनडीए की बैठक में यूपी से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के ओपी राजभर, निषाद पार्टी के संजय निषाद ने भाजपा नेताओं से चुनाव व सीट बंटवारे को लेकर चर्चा की थी। वहीं दूसरे दिन भाजपा मुख्यालय में भी राजभर ने नितिन नवीन से मुलाकात की। भाजपा ने इस हफ्ते चर्चा शुरू करने के संकेत दिए हैं।

बीजेपी की कमजोर सीटों पर सहयोगियों की नजर


पिछले विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में जिन सीटों पर भाजपा का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा उन पर सहयोगी दलों ने नजर जमाना शुरू कर दिया है। 2022 के चुनाव में पार्टी 18 जिलों में हारी थी। 2024 के लोकसभा चुनाव परिणाम को भी ध्यान में रखते हुए अब भाजपा का सहारनपुर, मुरादाबाद, अयोध्या और आजमगढ़ मंडलों पर ज्यादा फोकस है। हाल ही संजय निषाद ने दिल्ली में सहारनपुर, मेरठ एवं आगरा के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। वहीं सुभासपा ने 63 सीटों पर तैयारी शुरू कर दी है। राष्ट्रीय लोक दल पश्चिमी यूपी में अपनी ताकत बढ़ाने पर जोर दे रहा है।

गठबंधन की स्थिति

भाजपा: 2022 में 370 सीटों पर लड़ कर 255 जीती। 2022 में 57 सीटों का नुकसान हुआ।
अपना दल (एस): 2022 में 17 सीटों पर लड़ 12 सीटों पर जीत हासिल की।

राष्ट्रीय लोक दलः 2022 में सपा के साथ 33 सीटों में से सिर्फ 8 पर जीती। लोकसभा में एनडीए से दो सीटें मिली जिनमें जीत मिली।
निषाद पार्टी: 2022 में 16 सीटें और छह भाजपा के सिंबल पर लड़ीं। छह पर जीत मिली।

सुभासपा: 2017 में भाजपा के साथ थी तब 8 में से चार सीटों पर जीती। 2022 में सपा के साथ 18 में से छह सीटों पर जीती।

Updated on:
22 Jun 2026 03:25 am
Published on:
22 Jun 2026 03:01 am