राष्ट्रीय

Bankipur By-Polls: ‘असली मुकाबला विपक्ष के बीच दूसरे स्थान के लिए होगा’, बांकीपुर उपचुनाव को लेकर चिराग पासवान का बयान

चिराग पासवान ने राजद पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा- बांकीपुर उपचुनाव में तेजस्वी और राहुल गांधी विदेश घूम रहे, असली लड़ाई विपक्ष के बीच दूसरे नंबर के लिए होगी।
2 min read
Jul 17, 2026
Chirag Paswan
चिराग पासवान। (फोटो-IANS)

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर बिहार में सियासत तेज है। जहां एक तरफ जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर डटकर मैदान में ताल ठोक रहे हैं, वहीं एनडीए के तमाम नेता भी भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा को सपोर्ट करने के लिए पूरे इलाके में घूम रहे हैं।

इस बीच, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बांकीपुर उपचुनाव पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राजद और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है।

पद की गंभीरता को समझ ही नहीं पाए तेजस्वी-राहुल

चिराग ने कहा कि राजद ने तो बांकीपुर में उम्मीदवार उतार दिया, लेकिन उसके बड़े नेता कहां गायब हैं? संसद में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव दोनों विदेश में घूमने में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा- दोनों को देश और राज्य की चिंता नहीं है।

चिराग पासवान ने कहा कि विपक्ष का नेता बनना कोई मजाक नहीं है। दोनों नेता इस पद की गंभीरता को समझ ही नहीं पाए। उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए की ओर से इस उपचुनाव की तैयारी पूरी हो चुकी है।

NDA की रणनीति मजबूत

चिराग पासवान ने बताया कि बिहार में एनडीए के सभी पांच सहयोगी दलों के बीच बांकीपुर उपचुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है। रणनीति तय कर ली गई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा उम्मीदवार एनडीए के पूरे समर्थन के साथ आसानी से जीत हासिल कर लेंगे।

चिराग ने राजद पर तंज कसते हुए कहा- RJD के पास न तो नेता दिख रहे हैं और न ही कोई जमीन पर काम करने वाला संगठन। उम्मीदवार अकेली खड़ी हैं। ऐसे में चुनाव लड़ना कितना मुश्किल है, यह खुद RJD जानती होगी।

असली लड़ाई किस बात की? चिराग ने खुलकर बताया

चिराग ने एक दिलचस्प टिप्पणी करते हुए कहा कि असली मुकाबला भाजपा की जीत के बाद विपक्षी दलों के बीच दूसरे स्थान के लिए होगा। राजद, कांग्रेस या अन्य छोटे दल, कौन दूसरा नंबर लाएगा, यही देखने वाली बात होगी।

उन्होंने एनडीए की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि सभी साथी दल भाजपा उम्मीदवार को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे। हालांकि, इस बयान पर राजद की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Updated on:
17 Jul 2026 03:48 pm
Published on:
17 Jul 2026 03:48 pm