
CID At Abhishek Banerjee: अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कोलकाता में अभिषेक के घर CID की एक टीम फिर से पहुंच गई हैं। दो दिन पहले भी CID अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची थीं। साथ ही एक दिन पहले ही अभिषेक बनर्जी सीआईडी के दफ्तर पहुंचे थे। जहां उनसे पूछताछ हुई थी। आज फिर जांच एजेंसी उनके घर पहुंची है। उनके घर के बाहर वकील ने कहा कि उन्हें कोई जानकारी नहीं है कि अभिषेक बनर्जी के घर सीआईडी की टीम क्यों पहुंची है। राज्य की अपराध जांच विभाग (CID) ने उन्हें अगले सप्ताह हेट स्पीच से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए बुलाया है।
यह मामला पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए कुछ भाषणों से जुड़ा है। आरोप है कि चुनावी सभाओं में अभिषेक बनर्जी ने ऐसी टिप्पणियां की थीं जिन्हें भड़काऊ माना गया। इसी शिकायत के आधार पर बिधाननगर साइबर क्राइम थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन बयानों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी जिक्र हुआ था।
अब तक इस मामले की जांच बिधाननगर साइबर क्राइम थाना कर रहा था, लेकिन गुरुवार को इसे आधिकारिक तौर पर सीआईडी को सौंप दिया गया। इसके साथ ही जांच से जुड़े सभी डाक्यूमेंट्स, केस डायरी, वीडियो क्लिप, सोशल मीडिया लिंक और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी सीआईडी के हवाले कर दिए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच को आगे बढ़ाने के लिए अब CID सभी उपलब्ध साक्ष्यों की विस्तार से पड़ताल करेगी। एजेंसी यह भी देखेगी कि शिकायत में लगाए गए आरोपों के समर्थन में पर्याप्त सबूत मौजूद है या नहीं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जांच एजेंसी ने चुनाव प्रचार से जुड़े वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और ऑनलाइन प्रसारित सामग्री को सुरक्षित कर लिया है। इन डिजिटल रिकॉर्ड्स का जांच किया जाएगा ताकि यह पता लगाया जा सके कि कथित टिप्पणियां कानून के दायरे में हेट स्पीच की श्रेणी में आती हैं या नहीं।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब अभिषेक बनर्जी पहले से ही कई राजनीतिक और कानूनी विवादों के कारण चर्चा में हैं। हाल ही में कथित जाली हस्ताक्षर मामले में भी उनसे पूछताछ की गई थी। अब हेट स्पीच मामले में CID की एंट्री ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।