राष्ट्रीय

Crime News: छत्तीसगढ़ में पति की हैवानियत! पत्नी का जबरन मुंडन कराया, महाराष्ट्र में कथित गुरु का भंडाफोड़

पुणे और छत्तीसगढ़ से सामने आई दो सनसनीखेज घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया है। पुणे में कथित गुरु पर 15 साल तक महिला के शोषण का आरोप लगा है, जबकि छत्तीसगढ़ के बैकुंठपुर में पति पर पत्नी का जबरन मुंडन कराने, मारपीट और अमानवीय व्यवहार करने का मामला दर्ज हुआ है।

2 min read
Jun 19, 2026
crime news in maharashtra chattisgarh
AI Image(ChatGpt)

Crime News: महाराष्ट्र के पुणे और छत्तीसगढ़ के बैकुंठपुर जिले में हैवानियत की दो अलग-अलग घटनाओं ने मानवता को शर्मसार कर दिया। दोनों मामलों ने पूरे समाज में आक्रोश पैदा कर दिया है। पुलिस दोनों घटनाओं की गहन जांच कर रही है। महाराष्ट्र के पुणे में एक कथित गुरु ने 15 वर्षों तक एक महिला का यौन, शारीरिक और मानसिक शोषण करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने हरियाणा निवासी राधामोहन मिश्रा और उसके सात सहयोगियों (6 महिलाएं व 1 पुरुष) को गिरफ्तार कर लिया है। मिश्रा पिछले 8 वर्षों से पुणे में रहकर आश्रम चला रहा था। खुद को भगवान का अवतार बताकर उसने पीड़िता (हरियाणा की डॉक्टर की बेटी) को स्वास्थ्य व पारिवारिक समस्याओं का समाधान देने के नाम पर फंसाया।

पति से तलाक लेने का दबाव


आरोप है कि आरोपी ने महिला से कई बार बलात्कार किया, यूरीन पिलाने के लिए मजबूर किया, बिजली के झटके दिए, पति से तलाक लेने का दबाव बनाया और उसकी संपत्ति हड़प ली। पुलिस ने छापेमारी में 19 हार्ड डिस्क, 12 लैपटॉप, 11 मोबाइल फोन, 23 पेन ड्राइव, 15 लाख रुपये के आभूषण और 6.5 लाख रुपये नकद बरामद किए। जांच में खुलासा हुआ कि मिश्रा आश्रम के नीचे सुरंग बनवाकर भागने की योजना बना रहा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि हर गुरुवार को भजन-कीर्तन होते थे, जिसमें खासकर महिलाएं बड़ी संख्या में आती थीं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि अन्य महिलाएं भी उसके शोषण की शिकार तो नहीं बनीं।

बच्चों के सामने पत्नी का जबरन मुंडन, पति पर केस दर्ज

छत्तीसगढ़ के बैकुंठपुर जिले के पटना थाना क्षेत्र में पति द्वारा पत्नी के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। सालभर से अलग रह रही महिला का आरोप है कि 14 जून को उसके पति जितेंद्र ने बच्चों के सामने हाथ बांधकर जबरन मुंडन कर दिया और पूरा वीडियो बनवाया। महिला ने पति पर मूत्र पिलाने और मारपीट का भी गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि उसने 15 वर्ष पहले ग्राम रूनियाडीह निवासी जितेंद्र से प्रेम विवाह किया था। चार बच्चों की मां महिला आर्थिक तंगी झेल रही है। पुलिस ने आरोपी पति जितेंद्र के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Published on:
19 Jun 2026 02:00 am