राष्ट्रीय

युवक का अपहरण कर दोस्तों ने करावा दिया पकड़ौआ विवाह, नशे की हालत में लिए फेरे और भरी दुल्हन की मांग

समस्तीपुर में 22 वर्षीय छात्र के अपहरण कर नशे में जबरन शादी कराने का आरोप लगा है। सोशल मीडिया वीडियो के आधार पर पुलिस ने युवक को रेस्क्यू कर जांच शुरू की है

2 min read
Feb 11, 2026
समस्तीपुर में छात्र का पकड़ौआ विवाह (फोटो- Surya Samajwadi एक्स पोस्ट)

बिहार के समस्तीपुर जिले में पकड़ौआ विवाह का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार यहां एक 22 वर्षीय छात्र का उसी के दो दोस्तों ने अपहरण कर लिया और फिर उसका पकड़ौआ विवाह करा दिया। यह मामला पटोरी थाना क्षेत्र के चकराजअली गांव का बताया जा रहा है। पीड़िता छात्र की पहचान नीतीश कुमार के रूप में हुई है। नीतीश ने आरोप लगाए है कि उसे नशा देकर बेहोशी की हालत में उसकी शादी करवा दी गई।

ये भी पढ़ें

दो बच्चों के बाप ने किया नाबालिग लड़की को किडनैप, पिता से कहा धर्म परिवर्तन करवाकर निकाह करूंगा

दोस्तों ने कोल्ड ड्रिंक में नशे की दवा पिलाई

नीतीश के अनुसार वह शनिवार सुबह करीब 10 बजे लाइब्रेरी में पढ़ने गया था। लाइब्रेरी से निकलने के बाद वह अपने दो दोस्तों के साथ कोल्ड ड्रिंक पीने गया। आरोप है कि कोल्ड ड्रिंक में नशे की गोली मिलाकर उसे पिला दी गई। इसके बाद वह बेहोश हो गया जिसके बाद उसे किडनैप करके उसकी शादी करवा दी गई। इस शादी के कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए है जिसमें छात्र की हालत बेहद खराब दिखाई दे रही है। वीडियो में वह बार बार झुकता और गिरता नजर आता है और लगातार उल्टी भी कर रहा है। मंडप में मौजूद लोग उसे पकड़कर रस्में पूरी कराते दिख रहे हैं।

दो दिन तक कमरे में बंद रखा

पीड़ित का कहना है कि शादी के वक्त उसे होश नहीं था। बेहोशी की हालत में उसकी मांग भरवाई गई। नशा इतना अधिक था कि वह शादी के दौरान उल्टी करता रहा। इसके बाद उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया। युवक ने आरोप लगाया कि उसे 24 घंटे से अधिक समय तक कैद रखकर सुबह शाम नशे की दवा दी जाती रही और पिटाई भी की गई। करीब दो दिन तक बंद कमरे में रहने के बाद जब नीतीश को होश आया तो उसने शोर मचाया। आरोप है कि तब उसे बताया गया कि उसकी शादी हो चुकी है। इसके बाद नीतीश ने मन लगाने के लिए मोबाइल मांगा, जो उसे दे दिया गया।

सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो

मोबाइल की गैलरी में अपनी शादी की तस्वीरें देखकर वह हैरान रह गया। इसके बाद उसने अपना वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो में नीतीश ने राहुल और कुंदन नाम के दो युवकों पर किडनैपिंग और नशा देने का आरोप लगाया। वीडियो में उसने कहा कि उसे जबरन बंद कर रखा गया है और उसे अपनी लोकेशन का पता नहीं है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और परिजनों तक पहुंचा। परिजन पहले से ही उसकी तलाश कर रहे थे। वीडियो देखने के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने युवक को बरामद किया

पुलिस ने वीडियो के आधार पर लोकेशन ट्रेस की और चकराजअली गांव में छापेमारी कर युवक को बरामद किया। पटोरी के डीएसपी बीके मेधावी ने बताया कि महिला की शिकायत पर युवक को रेस्क्यू किया गया है। युवक का बयान दर्ज कर लिया गया है। मामले में पकड़ौआ विवाह का आरोप लगाया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। फिलहाल युवक अपने परिवार के साथ घर लौट गया है, जबकि जिस लड़की से शादी हुई वह अपने घर पर है।

Published on:
11 Feb 2026 02:22 pm
Also Read
View All

अगली खबर