
Arvind Kejriwal in Liquor Policy Case: दिल्ली की नई शराब नीति केस में अरविंद केजरीवाल की सीबीआई पूछताछ आज 9 घंटे से अधिक समय तक चली। रविवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने कथित आबकारी नीति घोटाले के सिलसिले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से नौ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की। पूछताछ रात करीब 8.15 बजे खत्म हुई। केजरीवाल सुबह 11.05 बजे सीबीआई मुख्यालय में पहुंचे। उनसे आप नेता विजय नायर, व्यवसायी समीर महेंद्रू और नीति के लागू होने से पहले बात लीक होने के बारे में पूछा गया। जिसके बाद उनके बयान को दर्ज किया गया। केजरीवाल की पूछताछ को लेकर दिल्ली का सियासी पारा हाई हो गया था। जगह-जगह आप नेता और कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। विरोध जता रहे आप के कई नेताओं को हिरासत में भी लिया गया था। हालांकि केजरीवाल की पूछताछ पूरी होने के बाद हिरासत में लिए गए आप नेताओं को छोड़ दिया गया है।
केजरीवाल से पूछताछ के बाद अब सप्लीमेंट्री चार्जशीट की तैयारी
केजरीवाल से हुई करीब 9 घंटे की पूछताछ के बारे में बताया गया कि सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम ने उनका बयान दर्ज किया। इस मामले में सीबीआई ने चार्जशीट दाखिल कर दी है और अब वे सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में हैं। दिल्ली के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को इस मामले में सीबीआई और ईडी ने गिरफ्तार किया था और फिलहाल वह सलाखों के पीछे हैं।
पूछताछ के बाद बोले केजरीवाल- देश की जनता हमारे साथ
पूछताछ के बाद सीबीआई दफ्तर से निकलने के बाद आप संयोजक और दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सीबीआई ने करीब साढ़े नौ घंटे तक पूछताछ की। शराब घोटाले के सभी आरोप फर्जी है। आप कट्टर इमानदार पार्टी है। वे लोग आप को समाप्त करना चाहते हैं लेकिन देश की जनता हमारे साथ है।
हिरासत में लिए गए नेताओं और कार्यकर्ताओं को किया गया मुक्त
मालूम हो कि दिल्ली पुलिस ने किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए सीबीआई मुख्यालय और उसके आसपास धारा 144 लगा दी थी और 1,305 आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था। जिसमें आप के सात सांसद, 32 विधायक, 70 पार्षद सहित कई अन्य नेता थे। संजय सिंह, राघव चड्ढा, आतिशी, कैलाश गहलोत, सौरव भारद्वाज सहित आप के कई नेताओं को नजफगढ़ के पुलिस स्टेशन में रखा गया था। जहां से शाम में उन सभी को मुक्त कर दिया गया है।
केजरीवाल को गिरफ्तार करने का रचा जा रहा षडयंत्र
इधर केजरीवाल से हो रही पूछताछ पर दिल्ली आप के संयोजक गोपाल राय ने कहा कि यह न सिर्फ अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी, बल्कि पूरी दिल्ली के लोगों का अपमान है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। उसकी पहली कड़ी में सीबीआई ने उन्हें समन करके अपने दफ्तर तलब किया है।
केंद्र किसी भी कीमत पर आप को कुचलना चाहती हैः गोपाल राय
दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने कहा कि यह तानाशाही है। देश के अंदर उम्मीद की किरण बन चुकी आम आदमी पार्टी को केंद्र की सत्ता किसी भी कीमत पर कुचलना चाहती है। सबसे पहले दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया।
केजरीवाल से पूछताछ का दिल्ली में जमकर विरोध
गोपाल राय ने कहा कि जब दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को समन करके सीबीआई के दफ्तर बुलाया गया, तब दिल्लीवालों के सब्र का बांध टूट गया है। दिल्लीवालों ने अपने समर्थन से दिल्ली के मुख्यमंत्री को परिवर्तन करने का अवसर दिया है। सीबीआई द्वारा समन करके अपने दफ्तर में बुलाने के खिलाफ पूरी दिल्ली में
चारों तरफ विरोध प्रदर्शन हुए।
यह भी पढ़ें - केजरीवाल को गिरफ्तार करने की आशंका, पूछताछ के बीच AAP ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग