राष्ट्रीय

CJP Protest: दिल्ली में होगा प्रदर्शन? Cockroach Janta Party के खिलाफ दायर याचिका पर हाई कोर्ट ने क्या कहा

CJP Delhi Protest: परीक्षा गड़बड़ी और पेपर लीक के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित दिल्ली प्रदर्शन से पहले विशेष भीड़ नियंत्रण व्यवस्था की मांग वाली याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। यह प्रदर्शन जंतर-मंतर पर आयोजित होने वाला है।

2 min read
Jun 05, 2026
Cockroach Janta Party
6 जून को दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी का होगा प्रदर्शन

CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janta Party) का शनिवार को परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन होगा। इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट ने शुक्रवार को उस याचिका पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया है। याचिका में शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से पहले राजधानी की सीमाओं पर भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम करने की मांग की गई थी।

यह याचिका सेव इंडिया फाउंडेशन नामक एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) की ओर से दायर की गई थी। जस्टिस सौरभ बनर्जी और अमित शर्मा के समक्ष याचिका का उल्लेख करते हुए तत्काल सुनवाई की मांग की गई, लेकिन अदालत ने इसे स्वीकार नहीं किया।

क्या है याचिका में मांग?

बता दें कि याचिका में दिल्ली पुलिस और संबंधित प्रशासनिक एजेंसियों को निर्देश देने की मांग की गई थी। जिसमें कहा गया कि CJP के प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली की सभी प्रमुख सीमाओं और प्रवेश मार्गों पर पर्याप्त भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं।

किस मुद्दे पर हो रहा है प्रदर्शन?

CJP ने देश में हो रही परीक्षा गड़बड़ी और पेपर लीक के मामलों को लेकर विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था। CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने घोषणा की है कि वह 6 जून को भारत लौटकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति मांगेंगे। CJP की प्रमुख मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और परीक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने की मांग शामिल है।

अभिजीत दीपके ने किया पोस्ट

सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को अमेरिका से भारत रवाना होते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि मैं अपना भाग्य संविधान के हाथों में सौंप रहा हूं।

आंदोलन को मिल रहा समर्थन

पिछले कुछ दिनों में इस आंदोलन को कई सामाजिक हस्तियों का समर्थन भी मिला है। जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी कहा है कि यदि 5 जून तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती, तो वह भी छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन में शामिल होंगे।

दिल्ली में आयोजित अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP ने स्पष्ट किया कि 6 जून का प्रदर्शन पूरी तरह शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित रहेगा और इसमें छात्र, अभिभावक तथा आम नागरिक बिना किसी राजनीतिक संबद्धता के शामिल हो सकते हैं।

Published on:
05 Jun 2026 12:33 pm