Delhi MCD Mayor Election: दिल्ली एमसीडी मेयर चुनाव 2026 में बीजेपी ने जीत हासिल की। दिल्ली को नए मेयर और नई डिप्टी मेयर मिल चुके हैं, जानिए कौन हैं प्रवेश वाही और डिप्टी मेयर मोनिका पंत।
Delhi MCD Mayor Election: दिल्ली नगर निगम MCD के मेयर चुनाव में इस बार माहौल पूरी तरह अलग नजर आया। आम आदमी पार्टी (AAP) ने चुनाव में हिस्सा नहीं लिया, जिससे मुकाबला लगभग एकतरफा हो गया। इसका फायदा भारतीय जनता पार्टी (BJP) को मिला और पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की। रोहिणी ईस्ट से लगातार तीन बार पार्षद रहे प्रवेश वाही को नया मेयर चुना गया और आनंद विहार की पार्षद डॉ. मोनिका पंत डिप्टी मेयर बनीं।
प्रवेश वाही दिल्ली नगर निगम की राजनीति में एक अनुभवी नेता माने जाते हैं। वह सिर्फ 10 साल की उम्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ गए थे और वहीं से उनके सार्वजनिक जीवन की शुरुआत हुई। इसके बाद 1990 के दशक में उन्होंने विश्व हिंदू परिषद के साथ काम किया। 1990 में वे क्षेत्र प्रतिनिधि रहे और 1998 तक जिला अध्यक्ष के पद तक पहुंचे। साल 2002 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की।
प्रवेश वाही रोहिणी ईस्ट वार्ड से तीन बार पार्षद चुने जा चुके हैं। उन्होंने 2007 में पहली बार जीत हासिल की थी। इसके बाद 2012 और 2022 में भी लोगों ने उन पर फिर से भरोसा जताया। अब मेयर चुनाव में भी उन्होंने बड़ी जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस के प्रतिद्वंदी को भारी वोटों से हराया। उन्हें टोटल 156 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को सिर्फ 9 वोट ही मिल पाए।
डॉ. मोनिका पंत बीजेपी की नेता हैं और आनंद विहार से पार्षद हैं। 29 अप्रैल 2026 को हुए चुनाव में उन्हें 156 वोट मिले और वे डिप्टी मेयर बनीं। वे पेशे से डॉक्टर हैं और आयुर्वेद में 20 साल से ज्यादा का अनुभव रखती हैं। 2022 के चुनाव में उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार को हराया था। बीजेपी में भी वे लंबे समय से सक्रिय हैं और महिला मोर्चा की महासचिव रह चुकी हैं। उनकी छवि साफ-सुथरी और काम करने वाली नेता की मानी जाती है। अब उनकी प्राथमिकता सफाई और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर काम करना है।
मेयर और डिप्टी मेयर के साथ एमसीडी की स्टैंडिंग कमेटी में भी नई टीम बनाई गई है। बीजेपी की ओर से बेगमपुर के जय भगवान यादव और पहाड़गंज के मनीष चड्ढा को शामिल किया गया है। वहीं, आम आदमी पार्टी की शालीमार बाग से पार्षद जलज चौधरी को भी इस कमेटी में जगह मिली है।