Delhi Weather News Updates Today मौसम विभाग ने 21 और 22 सितंबर के लिए जारी किया येलो अलर्ट, पूरे हफ्ते रुक-रुक कर होती रहेगी बारिश
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली ( Delhi Weather News Updates Today ) में सितंबर के महीने में मानसून खासा मेहरबान है। रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला भी जारी है। हालांकि रविवार को दिनभर बादल छाए रहे, वहीं सोमवार को भी हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। लेकिन भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में दिल्ली में मौसम एक बार फिर करवट लेगा। अगले दो दिन अच्छी बारिश ( Rain ) के आसार बने हुए हैं।
आईएमडी ( Indian Meteorological Department ) ने अगले दो दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं पूरे हफ्ते रुक-रुक बारिश के आसार बने हुए हैं।
दिल्ली में मानसून अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर पहुंच गया है। हालांकि जाते-जाते लोगों को राहत देने की तैयारी में है। पिछले कुछ दिनों के दौरान दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ है और धूप भी निकल रही है।
रविवार को भी धूप खिलने से उमस भरी हल्की गर्मी महसूस की गई। वहीं अब आईएमडी के मुताबिक, सोमवार को बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश होने की संभावना नहीं के बराबर है। कुछ जगहों पर हल्की बूंदा बांदी हो सकती है।
अगले 24 घंटे के दौरान यानी मंगलवार से मौसम एक बार फिर बदलने के आसार बने हुए हैं। इससे दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने 21 से 25 सितंबर तक दिल्ली में यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, मंगलवार और बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है।
जबकि 23 और 24 सितंबर यानी गुरुवार और शुक्रवार के लिए फिर से हल्की बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम की जानकारी देने वाली निजी संस्थान स्काईमेट वेदर के मुताबिक रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के बराबर है।
वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
सोमवार को अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। इसी तरह हवा की गुणवत्ता संतोषजनक रहने की उम्मीद है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ( CPCB ) के मुताबिक 19 सितंबर को दिल्ली में एयर इंडेक्स 82 रहा। जबकि एनसीआर की बात करें तो फरीदाबाद में 84, गाजियाबाद में 83, ग्रेटर नोएडा में 86, ग्ररुग्राम में 78 व नोएडा में एयर इंडेक्स 67 दर्ज किया गया।