हल्द्वानी में शादी समारोह के दौरान दलित भाइयों ने प्यास लगने पर पानी पी लिया। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों को अधमरा करने तक पीटा। चाकू से भी हमला किया गया। दोनों को जातिसूचक गालियां भी दी गई।
Dalit Brothers Attack: उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक बहुत ही शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां एक शादी समारोह में सिर्फ इसलिए दो सगे भाइयों को बुरी तरह पीटा गया, क्योंकि उन्होंने पास रखे बर्तन से प्यास लगने पर पानी पी लिया था। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें जाति के नाम पर गालियां दीं और उन पर चाकू से हमला किया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। यह घटना हल्द्वानी के गौलापार इलाके के देवल मल्ला गांव में रविवार शाम को हुई। गांव में एक शादी समारोह चल रहा था। जहां शुभम नाम का युवक DJ चला रहा था, इसी दौरान उसने पास में रखे बर्तन से पानी पी लिया। जिसके बाद पानी पीने को लेकर विवाद शुरू हो गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद के दौरान शुभम को उसकी जाति को लेकर अपमानित किया गया। उसके भाई उमेश चंद्र टम्टा ने काठगोदाम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि कुछ लोगों ने शुभम को जातिसूचक शब्द कहे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ने के बाद करीब 10-15 लोगों ने शुभम पर हमला कर दिया। लोगों ने उसे बुरी तरह पीटा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल, शुभम अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जब शुभम का भाई उमेश बीच-बचाव करने पहुंचा तो हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। उमेश ने आरोप लगाया कि उसके सिर पर धारदार हथियार (चाकू) से हमला किया गया। इस हमले में वह भी घायल हो गया। मारपीट की घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों लोगों ने काठगोदाम थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों ने कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए ताकि पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल सके। जिसके बाद काठगोदाम पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अब तक 4 आरोपियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
मामले में दूसरे पक्ष ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि जातिसूचक गालियां देने के आरोप पूरी तरह झूठे और मनगढ़ंत हैं। उन्होंने दावा किया कि दोनों पक्षों के बीच सिर्फ सामान्य विवाद हुआ था, जिसे जातीय रंग दिया जा रहा है। काठगोदाम थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें मिल गई हैं। पुलिस के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान में दोनों पक्षों के बीच झगड़े की बात सामने आई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि घटना से जुड़े कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।