दक्षिण दिल्ली के कैलाश हिल्स में 22 साल की IIT ग्रेजुएट युवती की हत्या और कथित दुष्कर्म के मामले में राहुल मीणा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में लूट, बायोमेट्रिक लॉकर और पूर्व से रची गई योजना सहित कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं।
Delhi Kailash Hills Rape Case: दक्षिण दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके में बुधवार सुबह एक ऐसी वारदात सामने आई, जिसने पूरे शहर को हिला कर रख दिया। 22 वर्षीय IIT ग्रेजुएट और UPSC कैंडिडेट युवती की कथित रूप से हत्या और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने 23 साल के नौकर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद घर में मौजूद बायोमेट्रिक लॉकर तक पहुंचने की कोशिश की और पीड़िता को चौथी मंजिल से तीसरी मंजिल तक घसीटा, लेकिन वह लॉकर नहीं खोल सका।
पुलिस के अनुसार, आरोपी राहुल मीणा राजस्थान के अलवर का रहने वाला है और पहले इसी घर में नौकर के रूप में काम कर चुका था। उसने उस समय का फायदा उठाया जब सुबह पीड़िता के माता-पिता जिम जाने के लिए घर से बाहर निकले थे। सुबह करीब 6:39 बजे उसने घर में प्रवेश किया और सीधे पीड़िता के कमरे में पहुंच गया।
जांच में पता चला है कि परिवार ने मुख्य दरवाजे के पास जूते के रैक के पास एक स्मार्ट की छिपाकर रखी थी, जिसकी जानकारी घरेलू सहायकों को भी थी। इसी चाबी का इस्तेमाल कर आरोपी ने घर में आसानी से घुसा।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कर्ज चुकाने के लिए पीड़िता से पैसे मांगने गया था, लेकिन युवती ने साफ इनकार कर दिया और उसे घर से जाने को कहा। इसके बाद विवाद बढ़ गया। जब पीड़िता ने अपने पिता को फोन करने की कोशिश की, तो आरोपी ने पहले उसका गला दबाया और फिर मोबाइल चार्जर की तार से गला घोंट दिया। इसके बाद उसने पानी की बोतल और लैंप से उसके सिर पर हमला किया, जिससे वह बेहोश हो गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पीड़िता के बेहोश होने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह उसे सीढ़ियों से घसीटकर नीचे ले गया ताकि उसके फिंगरप्रिंट से बायोमेट्रिक लॉकर खोला जा सके। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी जानता था कि लॉकर केवल परिवार के चार सदस्यों के फिंगरप्रिंट से खुलता है। उसने पीड़िता की उंगली का इस्तेमाल कर लॉकर खोलने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हुआ। इसके बाद उसने भारी वस्तु से तिजोरी तोड़ दी।
आरोपी घर से करीब 1.5 से 2 लाख रुपये नकद और लगभग 10 लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, उसने भागने से पहले अपने खून से सने कपड़े और जूते भी बदल दिए थे।
AIIMS में हुए पोस्टमार्टम में पुष्टि हुई है कि पीड़िता की मौत गला घोंटे जाने और गंभीर हिंसक हमले के कारण हुई। रिपोर्ट के अनुसार, शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए हैं, जिनमें चेहरे, हाथ और पैरों पर गहरी खरोंच और चोटें शामिल हैं। नाक की हड्डी भी टूटी हुई मिली है। गर्दन की जांच में मांसपेशियों के भीतर रक्तस्राव और थायरॉइड कार्टिलेज के दोनों हिस्सों में फ्रैक्चर पाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, मौत का कारण गला घोंटना ही था। फॉरेंसिक जांच से यौन उत्पीड़न की पुष्टि की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी दिल्ली आने से पहले राजस्थान के अलवर में भी एक मामले में वांछित था। आरोप है कि उसने अपने दोस्त की पत्नी के साथ यौन शोषण किया था, जिसके बाद गांव में हंगामा हो गया था। इसके बाद वह पहाड़ी इलाके में छिप गया, फिर एक शादी समारोह में घुसकर खाना खाया और बाद में दिल्ली के लिए रवाना हो गया।
पुलिस ने तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपी को ट्रैक किया और बुधवार रात करीब 8 बजे दिल्ली के द्वारका स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने चोरी की रकम में से करीब 7,000 रुपये खर्च कर दिए थे, जबकि बाकी नकदी और जेवरात बरामद कर लिए गए हैं।