
IMD Weather Alert: देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और मौसम विभाग ने 9 जुलाई के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। मुंबई में लगातार हो रही बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं, जबकि फिलहाल 15 जुलाई तक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। वहीं यूपी, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत 23 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।
कई इलाकों में हवा की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और किसानों व मछुआरों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र अगले कुछ समय तक उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। इसके बाद इसके उत्तर-पूर्व की ओर मुड़ने की संभावना है। इसी सिस्टम के असर से उत्तर भारत, मध्य भारत और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश और आंधी का दौर देखने को मिलेगा।
दिल्ली में 9 जुलाई को भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, आगरा, अमेठी, अमरोहा, अयोध्या, बागपत, कन्नौज, कानपुर देहात, बांदा, बाराबंकी, एटा, इटावा, मैनपुरी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, शामली, सीतापुर, सुल्तानपुर और उन्नाव समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। यहां हवा की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बिहार में पटना, गोपालगंज, सारण, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, कटिहार, अररिया, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया और बेगूसराय में 9 से 11 जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश और 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।
झारखंड के रांची, पलामू, चतरा, दुमका, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, लातेहार, साहेबगंज, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, देवघर, गोड्डा और हजारीबाग में भी 9 और 10 जुलाई के लिए बारिश और तूफान का अलर्ट है। पश्चिम बंगाल के कोलकाता, बांकुड़ा, दुर्गापुर, जलपाईगुड़ी, नादिया, कालिम्पोंग, मुर्शिदाबाद और उत्तर व दक्षिण 24 परगना में भी मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।
उत्तराखंड के नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और टिहरी गढ़वाल में 9 से 12 जुलाई तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, कांगड़ा, सोलन, सिरमौर, किन्नौर, चंबा और ऊना में भी 9 से 11 जुलाई तक बारिश और 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, अनंतनाग, कठुआ, पुंछ, शोपियां, गांदरबल, बडगाम, कुपवाड़ा और डोडा में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान के करौली, अलवर, बीकानेर, बाड़मेर, बूंदी, सीकर, झुंझुनूं, भरतपुर, धौलपुर, डूंगरपुर, जैसलमेर, कोटा, जयपुर, अजमेर और टोंक में 9 और 10 जुलाई को बारिश और 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है।
पंजाब के गुरदासपुर, तरनतारन, लुधियाना, मोगा, अमृतसर, कपूरथला, पटियाला, एसएएस नगर और बठिंडा में भी भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है। वहीं मध्य प्रदेश के मुरैना, दतिया, छतरपुर, सिवनी, टीकमगढ़, मंडला, बालाघाट, रीवा, सीधी और गुना में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। भोपाल में अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।