राष्ट्रीय

INDIA ब्लॉक की बैठक खत्म, मीटिंग में शिक्षा मंत्री से तुरंत इस्तीफा, SIR पर सीजेआई को चिट्ठी सहित 5 मुद्दे तय

INDIA: दिल्ली में हुई 'इंडिया' गठबंधन की बैठक में 23 विपक्षी दलों ने भाग लिया। बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगेने पांच प्रमुख मुद्दों पर सहमति की जानकारी दी। इनमें NEET विवाद पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, SIR मामले में CJI को लेटर सहित कई अन्य फैसले शामिल हैं।

2 min read
Jun 08, 2026
INDIA Block Meeting ends
INDIA ब्लॉक की बैठक खत्म(फोटो-'X'/@INCIndia)

INDIA Block Meeting: दिल्ली में हुई INDIA गठबंधन की बैठक खत्म हो गई है। इस बैठक में विपक्ष की 23 पार्टियों ने हिस्सा लिया। मीटिंग के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मीडिया को संबोधित किया। खरगे के साथ ममता बनर्जी, राहुल गांधी, अखिलेश यादव सहित कई नेता मौजूद थे। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बताया कि 5 बिंदुओं पर सहमति बनी है। जिनपर सभी पार्टियां काम करेंगी। इनमें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा, SIR पर सीजेआई को चिट्ठी भेजने सहित कई मुद्दे शामिल हैं।

पांच मुद्दे जिनपर बनी सहमति

  • SIR के मुद्दे पर CJI को पत्र लिखा जाएगा
  • नीट के मुद्दे पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
  • ⁠आर्थिक स्थिति, बेरोजगारी, मंहगाई और किसानों के मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक की मांग
  • ⁠हर दो महीने में गठबंधन की बैठक होगी
  • संसद सत्र के दौरान नेता विपक्ष की अध्यक्षता में रोजाना बैठक होगी

कांग्रेस अध्यक्ष ने क्या कहा?


बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में संविधान की मूल भावना पर लगातार आघात किया जा रहा है और राजनीतिक विरोधियों को दबाने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। खड़गे ने यह भी कहा कि गैर-भाजपा शासित राज्यों के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, जबकि महंगाई लगातार आम जनता की मुश्किलें बढ़ा रही है।उन्होंने युवाओं से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली में गंभीर अव्यवस्था के कारण लाखों छात्रों और युवाओं की उम्मीदों को झटका लगा है। खरगे ने जोर देकर कहा कि देश जिन चुनौतियों का सामना कर रहा है, उनसे निपटने के लिए विपक्षी दलों को एकजुट होकर काम करना होगा और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाना होगा।

ये नेता हुए शामिल


दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में इंडिया गठबंधन की अहम बैठक हुई। जिसमें विपक्ष के कई प्रमुख नेता शामिल हुए हैं। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, सुप्रिया सुले, उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। बैठक शुरू होने से पहले सोनिया गांधी और ममता बनर्जी के बीच गर्मजोशी भरी मुलाकात देखने को मिली, जिसकी तस्वीरें सामने आई हैं। अन्य नेताओं की भी बैठक स्थल से तस्वीरें शेयर की गई हैं।

Updated on:
08 Jun 2026 04:14 pm
Published on:
08 Jun 2026 03:57 pm