
12 Years of Modi Government: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (10 जून) को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। नेहरू 1952 के पहले चुनाव के बाद लगातार 4398 दिन पीएम रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने 10 जून को 4399 दिन पूरे करके यह रिकॉर्ड तोड़ दिया। हालांकि नेहरू का कुल कार्यकाल 6131 दिन का रहा लेकेिन 1947 से 1952 तक उनकी सरकार चुनाव के जरिए निर्वाचित नहीं थी।
पिछले 12 साल में मोदी सरकार ने गरीबी कम करने, कल्याणकारी व अन्य सरकारी योजनाओं पर तेजी से काम से लेकर राम मंदिर निर्माण, 370 का खात्मा जैसे कई उल्लेखनीय काम किए। आतंकी घटनाओं पर काबू और नस्लवाद का खात्मा भी किया लेकिन मोदी 3.0 के दो साल में कई चुनौतियां व कठिनाइयां सामने आई।
पिछले दो साल में मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने हरियाणा, महाराष्ट्र व असम में बंपर जीत के बाद फिर से सरकार बनाई वहीं पश्चिम बंगाल में पहली बार सता हासिल कर इतिहास बना दिया। बिहार में भी एनडीए जीता और पहली बार भाजपा का सीएम बना। पत्रिका सर्वे के अनुसार 635 लोग मानते है कि मोदी सरकार ने उत्कृष्ट अच्छा काम किया है। मोदी सरकार के लिए अर्थव्यवस्था की गति बनाए रखने, किसानों की आय दोगुनी करने, समान नागरिक कानून (UCC), एक देश एक चुनाव लागू करने का वादा निभाना बड़ी चुनौती है।
पत्रिका सर्वे के अनुसार 51% लोगों का मानना है कि पिछले 12 सालों में उनका जीवन बेहतर हुआ है। सर्वे में 48% लोगों ने कहा कि वर्तमान सरकार का सबसे अच्छा काम बुनियादी ढांचे का विकास रहा, जबकि 15% ने कानून-व्यवस्था और 13% ने अर्थव्यवस्था को प्रमुख उपलब्धि बताया।
पिछले सालों की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में 25% लोगों ने विश्व शक्ति के रूप में भारत की बढ़ती पहचान, 15% ने कंपनियों के लिए बेहतर माहौल, 13% ने गरीब कल्याण योजनाओं और 13% ने बेहतर आधारभूत ढांचे को चुना।
महिलाओं से जुड़े सवाल पर 32% उत्तरदाताओं ने कहा कि सरकार का प्रमुख फोकस सुरक्षा पर रहा, जबकि 25% ने अवसर बढ़ाने और 15% ने आर्थिक सशक्तिकरण को महत्व दिया। सरकार की सबसे बड़ी चुनौती के रूप में 72% लोगों ने बेरोजगारी को बताया।
वहीं 12 सालों में अपने जीवन में बदलाव के सवाल पर 51% लोगों ने कहा कि जीवन बेहतर हुआ, 27% ने कोई बदलाव नहीं माना और 22% ने जीवन खराब होने की बात कही। भारत की विश्व में स्थिति के बारे में 66% लोगों का मानना है कि देश की ताकत बढ़ी है, जबकि 14% ने स्थिति को पहले जैसी और 20% ने कमजोर बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम को 38% लोगों ने अच्छा, 30% ने ठीक-ठाक, 20% ने शानदार, 7% ने खराब और 5% ने बहुत खराब बताया। इसके अलावा 40% लोगों का मानना है कि सरकार की आर्थिक नीतियों से सभी वर्गों को फायदा हुआ है, जबकि 26% ने इसे कुछ वर्गों तक सीमित और 20% ने किसी विशेष लाभ से इनकार किया।
| संकेतक | 2014-15 | 2024-2025 |
|---|---|---|
| अर्थव्यवस्था | 125.41 लाख करोड़ | 345 लाख करोड़ |
| रक्षा निर्यात | 1,900 करोड़ | 23,000 करोड़ |
| दशकीय महंगाई दर | 8.1% | 5.1% |
| राष्ट्रीय राजमार्ग | 98,000 किमी | 1.46 लाख किमी |
| हाईवे निर्माण गति | 12 किमी/दिन | 33 किमी/दिन |
| रेलवे विद्युतीकरण | 22,000 किमी | 45,000 किमी |
| एलपीजी कवरेज | 55% | 100% के करीब |
| हवाई अड्डे | 74 | 160 से अधिक |
| उज्ज्वला गैस योजना | 14.52 करोड़ | 33.39 करोड़ |
| एम्स | 8 | 15 |
| प्रति व्यक्ति आय | 86,647 रुपये | 2,19,575 रुपये |
| घर-घर कचरा संग्रहण | 43 प्रतिशत | 98 प्रतिशत |
| शिशु मृत्युदर/हजार | 39 | 24 |
| मातृ मृत्युदर/1 लाख | 130 | 97 |