राष्ट्रीय

Trump के दावों के बीच लेबनान में फ्रांसीसी शांति सैनिकों पर हमले से गुस्साए भारत ने कह दी ये बड़ी बात

Lebanon Crisis: लेबनान में फ्रांसीसी UN शांति सैनिकों (UNIFIL) पर हुए घातक हमले की भारत ने कड़ी निंदा की है। इस हमले में एक सैनिक के शहीद होने पर दुख जताते हुए भारत और फ्रांस ने दोषियों को जल्द से जल्द न्याय के कटघरे में लाने की मांग की है।

2 min read
Apr 18, 2026
India condemns deadly attack on french un peacekeepers
भारत ने लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल में फ्रांसीसी शांति सैनिकों पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। ( फोटो: IANS)

Peacekeepers:भारत ने शनिवार को दक्षिणी लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल में तैनात फ्रांसीसी शांति सैनिकों पर हुए हमले की कड़ी निंदा की और दोषियों को सजा दिलाने के लिए इस मामले की जांच की आवश्यकता पर बल दिया। इससे पहले दिन में, यूएनआईएफआईएल पर हुए हमले में एक फ्रांसीसी सैनिक शहीद हो गया और तीन अन्य घायल हो गए, जिसकी पुष्टि फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने की थी। विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया, "हम यूएनआईएफआईएल में तैनात फ्रांसीसी संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों पर आज हुए हमले की कड़ी निंदा करते हैं। हम शहीद शांति सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और घायल हुए तीन अन्य शांति सैनिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।"

इस हमले की तत्काल जांच हो : भारत

भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के शांति सैनिकों के खिलाफ अपराधों के लिए जवाबदेही संबंधी प्रस्ताव 2589 का नेतृत्व किया था। हम लेबनान सरकार से आग्रह करते हैं कि वह इस हमले की तत्काल जांच करे, इसके दोषियों को न्याय के कटघरे में लाए और संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों के खिलाफ इस अपराध के लिए जवाबदेही सुनिश्चित करे।

यूएनआईएफआईएल के साथ मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं

हिंदुस्तान ने संयुक्त राष्ट्र परिसर और कर्मचारियों की पवित्रता और अखंडता का सम्मान करने के महत्व को भी दोहराया और सभी पक्षों से आग्रह किया कि वे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के आदेशों के तहत तैनात शांति सैनिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। मैक्रोन के अनुसार, फ्रांसीसी सैनिक 17वीं पैराशूट इंजीनियर रेजिमेंट में सेवारत था और तीनों घायलों को निकाल लिया गया है।

इस हमले के लिए हिजबुल्लाह जिम्मेदार : फ्रांसीसी राष्ट्रपति

उन्होंने X पर पोस्ट किया, "राष्ट्र हमारे सैनिकों के परिवारों और लेबनान में शांति के लिए प्रतिबद्ध हमारे सभी सैन्यकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करता है और अपना समर्थन देता है।" फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने कहा कि सभी संकेत बताते हैं कि इस हमले के लिए हिजबुल्लाह जिम्मेदार है और उन्होंने लेबनानी अधिकारियों से मांग की कि वे दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करें और यूएनआईएफआईएल के साथ मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

यूनिफिल गश्ती दल पर गैर-सरकारी तत्वों ने छोटे हथियारों से गोलीबारी की

यूनिफिल ने बताया,"आज सुबह, गांदुरिया गांव में सड़क के किनारे विस्फोटक सामग्री हटाकर अलग-थलग पड़े यूनिफिल ठिकानों से संपर्क स्थापित करने के प्रयास में जुटे यूनिफिल गश्ती दल पर गैर-सरकारी तत्वों ने छोटे हथियारों से गोलीबारी की। दुर्भाग्यवश, एक शांति रक्षक ने दम तोड़ दिया और 3 अन्य घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।" (इनपुट : IANS )