
Jagaddal Violence: बंगाल में दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार का सोमवार को अंतिम दिन है। इस फेज के लिए 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। इससे पहले नॉर्थ 24 परगना जिले में रविवार रात माहौल तनावपूर्ण हो गया। दरअसल, जगद्दल थाने के सामने तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई। यह घटना ऐसे समय हुई है जब सोमवार को पीएम नरेंद्र मोदी एक चुनावी सभा को संबोधित करेंगे, जिससे क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण हो गया है।
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर लगाए गए पोस्टर और झंडे फाड़ने से हुई। मामूली कहासुनी जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई, जिसमें पथराव, देसी बमबाजी और गोलीबारी तक की नौबत आ गई।
हिंसा इतनी भड़क गई कि भाटपाड़ा सीट से बीजेपी विधायक पवन कुमार सिंह के घर पर देसी बम फेंके गए। इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना पर बीजेपी प्रत्याशी पवन सिंह ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि TMC कार्यकर्ताओं ने पहले उनकी पार्टी के कार्यक्रम में बाधा डाली और बाद में हमला किया। उन्होंने आगे कहा कि पहले पत्थर फेंके गए, फिर देसी बम चलाए गए और अंत में फायरिंग हुई, जिसमें CISF का एक जवान घायल हो गया।
बीजेपी के आरोपों पर तृणमूल कांग्रेस की तरफ से पलटवार किया गया है। TMC उम्मीदवार अमित गुप्ता ने कहा कि बीजेपी समर्थकों ने उनके कार्यकर्ता के साथ मारपीट की, पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की और यहां तक कि थाने के अंदर भी हमला किया।
इलाके में हुई हिंसा के बाद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी रैली से पहले पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है, ताकि हालात काबू में रहें। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।