राष्ट्रीय

जम्मू-कश्मीर में कुदरत का कहर: राजौरी-पुंछ में फ्लैश फ्लड से 3 की मौत, 200 वाहन बहे, वैष्णो देवी और अमरनाथ यात्रा रुकी

Jammu and Kashmir Flash Flood: जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिले में मूसलाधार बारिश के कारण कई रिहायशी इलाकों और निचले क्षेत्रों में पानी भर गया है। कई घर, वाहन और दुकानें तेज बहाव में बह गए। प्रशासन और राहत एजेंसियां लगातार बचाव अभियान चला रही हैं।
2 min read
Jul 19, 2026
jammu and kashmir rain alert
जम्मू-कश्मीर में आसमानी आफत, अमरनाथ-वैष्णो देवी यात्रा स्थगित (Photo: ANI/IANS)

Vaishno Devi, Amarnath Yatra Halted: जम्मू-कश्मीर भारी बारिश हो रही है, जिससे कई जिलों में स्थिति काफी गंभीर हो गई है। राजौरी और पुंछ जिले में भारी बारिश से तबाही मच गई है। अब तक तीन लोगों की मौत की खबर है। जम्मू के राजौरी जिले में रविवार तड़के कई घंटों तक हुई मूसलाधार बारिश ने फ्लैश फ्लड की स्थिति पैदा कर दी। अचानक आई बाढ़ से नदियां उफान पर आ गईं और सीमावर्ती शहर के बड़े हिस्से पानी में डूब गए। कुछ ही मिनटों में नदियों ने खतरे का निशान पार कर दिया, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया। उधर, खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा के बाद माता वैष्णो देवी की यात्रा को भी अस्थाई रूप से स्थगित कर दिया गया है।

राजौरी में बाढ़ के कारण नया बस स्टैंड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। तेज बहाव में 200 से ज्यादा वाहन बह गए या पानी में डूबे हुए हैं। इस बीच लापता हुई एक महिला का शव भी बरामद किया गया। जिले की सभी प्रमुख नदियां, दरहाली, खांडली, सुक्तोह और जमोला, उफान पर हैं और खतरे के निशान के आसपास या उससे ऊपर बह रही हैं। बाढ़ के पानी ने सड़कों को नदी में बदल दिया, जिससे सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।

राजौरी जिले में रातभर की मूसलाधार बारिश के कारण जिले में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे नदियां उफान पर आ गई और निचले इलाकों में पानी भर गया। कई घर, वाहन और दुकानें तेज बहाव में बह गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

अधिकारियों ने बताया कि राजौरी में स्थानीय प्रशासन, पुलिस, सेना, एसडीआरएफ और स्थानीय स्वयंसेवक राहत और बचाव अभियान में जुटे हैं। लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

पुंछ में बड़ा नुकसान, पुलस्त्य नदी में आई बाढ़, दो की मौत

पुंछ जिले में पुलस्त्य नदी में आई बाढ़ में कई दुकानें और वाहन बह गए। सुरनकोट तहसील के संगलेयानी गांव में एक मकान गिरने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई है, जबकि आठ लोग मलबे में दब गए। नूना बांडी गांव में एक मकान गिरने से महिला की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। भारी बारिश से भूस्खलन के चलते जिले के अधिकतर सड़क मार्ग बंद हो गए हैं।

इस बीच, जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने वरिष्ठ अधिकारियों से बात की और लगातार बारिश और अचानक आई बाढ़ से प्रभावित राजौरी और पुंछ के हालात का जायजा लिया। उपराज्यपाल ने बताया कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। सभी विभाग हाई अलर्ट पर हैं।

Updated on:
19 Jul 2026 12:56 pm
Published on:
19 Jul 2026 12:47 pm