Karnataka CM Row: सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि मुझे दिल्ली बुलाया गया है। कल सुबह 11 बजे बैठक है, लेकिन मुझे एजेंडा नहीं पता। वेणुगोपाल ने मुझे तारीख और समय की जानकारी दी है।
Karnataka CM Row: कर्नाटक में मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर खींचतान जारी है। इसी बीच आलाकमान ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को 26 मई को दिल्ली पहुंचने का आदेश जारी किया है। बताया जा रहा है कि सीएम सिद्धारमैया और आलाकमान की बंद कमरे में बैठक होगी। आलाकमान द्वारा दिल्ली बुलाए जाने पर अब सिद्धारमैया की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बैठक के एजेंडे की जानकारी नहीं है।
मीडिया से बात करते हुए सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि मुझे दिल्ली बुलाया गया है। कल सुबह 11 बजे बैठक है, लेकिन मुझे एजेंडा नहीं पता। वेणुगोपाल ने मुझे तारीख और समय की जानकारी दी है।
इस दौरान उन्होंने प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर भी बयान दिया। सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि अटकलें हमेशा लगती रहती हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने केंद्र सरकार पर बढ़ती ईंधन कीमतों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया और लोगों को गुमराह किया गया है।
वहीं इस बैठक में डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के शामिल होने की संभावना कम है। दिल्ली बुलावे पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि अगर मुझे बुलाया जाएगा तो मैं जाऊंगा। मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों के बारे में उन्होंने कहा कि मुझे इसके बारे में नहीं पता; मैं इस पर कमेंट नहीं करना चाहता। यह मेरा काम नहीं है।
प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन और सिद्धारमैया को दिल्ली बुलाने पर कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य सभा और MLC चुनावों पर सलाह-मशविरा कर रही है। इसलिए, कृपया अटकलें न लगाएं।
सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि पिछले 11 दिनों में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतों में चार बार बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने बताया कि बेंगलुरु में पेट्रोल की कीमत लगभग 110.93 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 98.89 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि मई 2014 में पेट्रोल 71.41 रुपये और डीजल 56.71 रुपये प्रति लीटर था, जबकि एलपीजी की कीमत 412 से बढ़कर 915.50 रुपये हो गई है।