राष्ट्रीय

दिल्ली विधानसभा में ‘शीशमहल’ पर घमासान, प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल पर लगाए लग्जरी खर्च के आरोप

Kejriwal Sheeshmahal Controversy: दिल्ली विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक आवास को लेकर ‘शीशमहल’ विवाद तेज हो गया है। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने सदन में कई गंभीर आरोप लगाते हुए लग्जरी खर्चों की विस्तृत सूची पेश की है।

2 min read
Mar 25, 2026
Kejriwal Sheeshmahal Controversy (Image: Gemini)

Kejriwal Sheeshmahal Controversy: दिल्ली विधानसभा में मंगलवार को उस समय जोरदार हंगामा देखने को मिला, जब दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक आवास पर हुए खर्चों को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने सदन में एक विस्तृत सूची पेश करते हुए दावा किया कि आवास में अत्यंत महंगे और लग्जरी सामान लगाए गए हैं।

प्रवेश वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास में जिम उपकरणों से लेकर फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक आइटम तक हर चीज पर भारी खर्च किए जाने का दावा किया गया है। उनके मुताबिक, एक ट्रेडमिल की कीमत करीब 14 लाख रुपए थी और उसके लिए अलग से ट्रेनर को भी भुगतान किया गया। वहीं, डम्बल सेट पर लगभग 3 लाख रुपए खर्च किए जाने का भी दावा किया गया।

ये भी पढ़ें

West Bengal Election 2026: ओवैसी से गठबंधन के बाद कबीर का बड़ा बयान, कहा- ‘बंगाल में मुस्लिम सीएम चाहिए’

उन्होंने बताया कि आवास में 88 इंच का बड़ा टीवी लगाया गया, जबकि तीन टीवी पर कुल 27 लाख रुपए खर्च किए जाने का दावा किया गया। इसके अलावा चिमनी, सोफा, मिनी बार और एंट्रेंस लाइट जैसी सुविधाएं भी जोड़े जाने की बात कही गई।

फर्नीचर और इंटीरियर पर भारी खर्च का दावा

वर्मा ने फर्नीचर पर हुए खर्च का जिक्र करते हुए कहा कि सोफा सेट के दो टेंडर हुए, एक 35 लाख रुपए का और दूसरा 1.5 लाख रुपए का। उनके अनुसार, घर में 76 टेबल लगाए गए, जिन पर करीब 1 करोड़ 5 लाख रुपए खर्च किए जाने का दावा किया गया। 8 बेड पर 40 लाख रुपए, कुर्सियों पर 60 लाख रुपए और कंसोल पर 50 लाख रुपए खर्च किए जाने की बात कही गई।

उन्होंने आगे कहा कि घर में करीब 1.5 करोड़ रुपए के पर्दे लगाए गए, जबकि 60 लाख रुपए के कार्पेट और छोटे पफी (स्टूल) भी खरीदे जाने का दावा किया गया।

जिम और अन्य सुविधाओं पर भी खर्च

प्रवेश वर्मा के मुताबिक, आवास में 28 लोगों के बैठने की क्षमता वाला डाइनिंग टेबल लगाया गया, जिसकी कीमत करीब 14 लाख रुपए बताई गई। जिम में स्पिन बाइक (1 लाख रुपए), फ्यूजन क्रेस्ट मशीन (3 लाख रुपए) और बॉडी सॉलिड उपकरण (6 लाख रुपए) लगाए जाने की बात कही गई।

इसके अलावा, करीब 12 लाख रुपए के इलेक्ट्रिकल आइटम और 14 लाख रुपए की सीलिंग डेकोरेटिव फिटिंग्स लगाए जाने का दावा किया गया। उन्होंने कहा कि घर में कुल 11 टीवी लगाए गए, जिन पर करीब डेढ़ करोड़ रुपए खर्च किए जाने की बात सामने आई है। साथ ही बारबेक्यू यूनिट, सीलिंग स्पीकर, कैमरा, एम्प्लीफायर और प्री-एम्प्लीफायर जैसे उपकरण लगाए जाने का भी उल्लेख किया गया।

50 एसी और इन्वर्टर सिस्टम का जिक्र

वर्मा ने कहा कि आवास में 50 एयर कंडीशनर लगाए गए और 5 लाख रुपए का इन्वर्टर सिस्टम भी स्थापित किए जाने का दावा किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इन सभी कामों के टेंडर और एस्टिमेट एक ही दिन में तैयार कर मंजूर किए गए।

ये भी पढ़ें

दिल्ली में अवैध LPG रैकेट का भंडाफोड़, 183 इंडेन सिलेंडर बरामद, चार डिलीवरी एजेंट गिरफ्तार

Also Read
View All

अगली खबर