Bakrid Holiday: केरल सरकार ने बकरीद के अवसर पर 27 और 28 मई 2026 को लगातार दो दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस फैसले से सरकारी कर्मचारियों, सार्वजनिक उपक्रमों और शैक्षणिक संस्थानों को दो दिन की छुट्टी मिलेगी
Eid-Ul-Adha 2026 Holiday: केरल की वीडी सतीशन सरकार ने ईद उल अजहा की छुट्टियों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश सरकार ने 27 और 28 मई के अवकाश की घोषणा की है। UDF सरकार ने कहा कि बकरीद पर इस बार सरकारी कर्मचारियों और सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों को लगातार दो दिन की छुट्टी मिलेगी।
सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) की अधिसूचना के अनुसार, पहले 27 मई को बकरीद के अवसर पर छुट्टी घोषित की गई थी, लेकिन अब 28 मई को भी सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य में इस साल बकरीद 28 मई को मनाई जाएगी, इसलिए उसी दिन भी सभी सरकारी कार्यालय, सार्वजनिक उपक्रम, शैक्षणिक संस्थान (प्रोफेशनल कॉलेज सहित) और निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत आने वाले संस्थान बंद रहेंगे। इस फैसले के बाद राज्य में सरकारी कर्मचारियों को 27 और 28 मई को लगातार दो दिन की छुट्टी का लाभ मिलेगा।
बता दें कि पिछले वर्ष बकरीद की छुट्टी को लेकर केरल में राजनीतिक विवाद भी सामने आया था। पहले सरकार ने 6 जून 2025 को अवकाश घोषित किया था, लेकिन बाद में यह जानकारी मिलने पर कि त्योहार 7 जून को मनाया जाएगा, छुट्टी की तारीख बदलकर 7 जून कर दी गई थी और 6 जून को कार्य दिवस घोषित किया गया था।
इस बदलाव की उस समय इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) सहित कुछ मुस्लिम संगठनों ने आलोचना की थी और सरकार पर सांप्रदायिक एजेंडा चलाने का आरोप लगाया था। बाद में सरकार ने 6 जून को भी छुट्टी घोषित कर विवाद को शांत किया था।
पश्चिम बंगाल सरकार ने शनिवार को अधिसूचना जारी कर बकरीद की छुट्टी 28 मई (गुरुवार) को घोषित की है। पहले 26 और 27 मई की छुट्टियाँ घोषित थीं, लेकिन चांद दिखने के आधार पर तारीख की पुष्टि होने पर इन्हें रद्द कर दिया गया। अब सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और संस्थानों में केवल 28 मई को ही सार्वजनिक छुट्टी रहेगी।
अधिसूचना में आगे कहा गया है कि 26 और 27 मई उन सभी कार्यालयों, संस्थानों और प्रतिष्ठानों के लिए कार्य दिवस होंगे जिन पर उपरोक्त अधिसूचना लागू होती है।