केरल में नए सीएम के तौर पर वीडी सतीशन 18 मई को शपथ लेंगे। उनके साथ कई विधायक भी शपथ ले सकते हैं। इससे पहले उन्होंने केसी वेणुगोपाल को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि वेणुगोपाल की किसी में फैसले में अहम जिम्मेदारी होती है। कांग्रेस हाई कमान से विचार करने के बाद कोई भी फैसला होगा।
Kerala New CM 2026: पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में केरल एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है। बंगाल, असम, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी में कांग्रेस के हाथ कुछ खास नहीं लगा। एकमात्र केरल में कांग्रेस का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है। लेकिन यहां सीएम का चयन कांग्रेस के लिए आसान नहीं था। लगभग 10 दिनों के उठापटक के बाद वीडी सतीशन को सीएम के लिए आगे किया गया। वीडी सतीशन के नाम के ऐलान के बाद इस बात की चर्चा होने लगी कि इस रेस में सबसे आगे रहने वाले केसी वेणुगोपाल और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्नीथला नाराज हो गए हैं। इस संबंध में केरल के सीएम बनने जा रहे वीडी सतीशन ने कई बार बयान दे दिया है कि ऐसा कुछ नहीं है। इस जीत में सबकी भागीदारी है।
केसी वेणुगोपाल के नाराज होने के सवाल पर वीडी सतीशन ने जवाब दिया था कि इस जीत में केसी वेणुगोपाल की अहम भूमिका है। वह लंबे समय तक मेरे लीडर रहे। यह उनका राज्य है और वो यहां से एमपी हैं। एक और बयान में उन्होंने कहा कि केसी वेणुगोपाल और हम लंबे समय तक एक साथ रहे हैं और हम दोस्त हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस पार्टी में वो एक अहम जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
कैबिनेट मिनिस्टर लिस्ट के सवाल पर उन्होंने कहा कि कौन मंत्री होगा इस बात का फैसला दिल्ली हाई-कमान से बातचीत करने के बाद लिया जाएगा। राज्य में केसी वेणुगोपाल कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल गांधी की बातों को अमल में लाने के लिए जिम्मेदार हैं। इसलिए जो भी फैसला होगा उसमें उनकी अहम भूमिका होगी। वीडी सतीशन का नाम भी केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्नीथला को पीछे करके कांग्रेस हाई कमान ने ही तय किया है। इसलिए इस बात की चर्चा है कि क्या केरल की सरकार कांग्रेस आलाकमान के देखरेख में चलेगी ?
आज मीडिया से बात करते हुए वीडी सतीशन ने कहा कि यहां लिए गए फैसलों के लिए कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल गांधी की मंजूरी लेने की जिम्मेदारी केसी वेणुगोपाल की है। आगे उन्होंने जोड़ा कि मंजूरी के लिए सभी कागजात उन्हीं के जरिए जाते हैं। केसी वेणुगोपाल पार्टी के महासचिव हैं और राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व के करीबी बताये जाते हैं।