राष्ट्रीय

भाजपा के बाद अब कांग्रेस ने भी चीफ चुनाव अधिकारी को दी बड़ी जिम्मेदारी, बनाया सीएम का सेक्रेटरी

Kerala New CM Secretary: केरल में मुख्यमंत्री वीडी सतीशन द्वारा चीफ चुनाव अधिकारी रतन यू केलकर को सचिव नियुक्त किए जाने पर विवाद छिड़ गया है। पश्चिम बंगाल में ऐसी नियुक्ति का विरोध करने वाले राहुल गांधी पर बीजेपी ने डबल स्टैंडर्ड का आरोप लगाया। अमित मालवीय ने कांग्रेस पर सवाल उठाये हैं।

2 min read
Kerala new Chief Electoral Officer
मुख्यमंत्री वीडी सतीशन (फोटो-IANS)

Kerala New Government: केरल में नई सरकार के गठन के बाद से सियासी हलचल तेज है। कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले ली है। अब सरकार से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है कि चीफ चुनाव अधिकारी डॉ रतन यू केलकर को राज्य में सीएम का सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। आपको बता दें कि ऐसा ही फैसला बंगाल में देखने को मिला था जब शुभेन्दु अधिकारी सरकार ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल को चीफ सेक्रेटरी बनाया था। इसके बाद राहुल गांधी ने उसका विरोध किया था।

अब केरल में नियुक्ति बवाल


पश्चिम बंगाल में एक पूर्व चुनाव अधिकारी की नियुक्ति पर सवाल उठाने वाले राहुल गांधी अब खुद बीजेपी के निशाने पर आ गए हैं। बीजेपी ने कांग्रेस पर 'डबल स्टैंडर्ड' अपनाने का आरोप लगाया है और कहा है कि कांग्रेस अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग मापदंड अपनाती है। दरअसल, राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल में पूर्व चुनाव अधिकारी को अहम प्रशासनिक जिम्मेदारी दिए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए गलत बताते हुए सवाल खड़े किए थे।

बीजेपी का पलटवार


बीजेपी नेताओं ने केरल की कांग्रेस सरकार के इस फैसले का जिक्र करते हुए राहुल गांधी की मंशा पर सवाल उठाए। पार्टी का कहना है कि केरल में कांग्रेस सरकार ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतन यू केलकर को मुख्यमंत्री का सचिव नियुक्त किया है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि अगर पश्चिम बंगाल में किसी पूर्व चुनाव अधिकारी को जिम्मेदारी देना 'लोकतंत्र के खिलाफ' माना गया, तो फिर केरल में उसी तरह की नियुक्ति पर कांग्रेस चुप क्यों है? पार्टी ने पूछा कि क्या अलग-अलग राज्यों के लिए कांग्रेस के लोकतांत्रिक मानदंड भी बदल जाते हैं।

अमित मालवीय ने क्या कहा?


केरल सरकार के इस फैसले पर बीजेपी आईटी हेड अमित मालवीय ने राहुल गांधी को घेरा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का चुनिंदा आक्रोश एक बार फिर उजागर हुआ है। अमित मालवीय ने कहा कि उन्होंने मनोज अग्रवाल को मुख्य सचिव नियुक्त करने के लिए पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी की आलोचना की थी। पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार ने राज्य में सेवारत सबसे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी को सही मापदंडों और सेवा नियमों के अनुसार ही नियुक्त किया था। लेकिन राहुल गांधी ने इसे गलत बताया था। लेकिन अब रतन यू केलकर, जो राज्य के सबसे सीनियर ऑफिसर भी नहीं हैं, उन्हें केरल के चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर के पद पर बने रहते हुए मुख्यमंत्री वी डी सथीयन का सेक्रेटरी बनाया गया तो अब राहुल गांधी का उपदेश कहां है?

Updated on:
23 May 2026 06:53 pm
Published on:
23 May 2026 06:21 pm