राष्ट्रीय

‘मुझे सीएम देवेंद्र फडणवीस ने खुद फोन करके केतन हत्याकांड का केस संभालने के लिए कहा’ केतन केस के वकील उज्जवल निकम का दावा

Ketan Agarwal Murder: केतन अग्रवाल हत्याकांड में वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम को स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त किया गया है। निकम ने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खुद फोन कर उनसे केस संभालने का आग्रह किया। सरकार ने फास्ट-ट्रैक कोर्ट की मांग भी मंजूर कर ली है।
2 min read
Jun 26, 2026
Ketan Agarwal case
केतन अग्रवाल हत्याकांड

Ketan Agarwal Case: महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद उज्ज्वल निकम को स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर(Special Public Prosecutor) नियुक्त किया गया है। इस केस की जिम्मेदारी मिलने के बाद उज्जवल निकम ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि उन्हें इस मामले की जिम्मेदारी लेने के लिए खुद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का फोन आया था। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार के अनुरोध और मुख्यमंत्री के आग्रह पर उन्होंने यह जिम्मेदारी स्वीकार की है।

केतन अग्रवाल हत्याकांड में स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त किए जाने के बाद उज्ज्वल निकम ने मुंबई में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इस हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार दोपहर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का उन्हें फोन आया। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि केतन अग्रवाल का परिवार उनसे मिला था और उसने इस मामले में निकम को विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करने की मांग की थी।

कानून का राज कायम रखना हमारी जिम्मेदारी-सीएम


मीडिया से बात करते हुए उज्ज्वल निकम ने कहा कि इस समय पुलिस की जांच जारी है और चार्जशीट दाखिल होने के बाद ही जांच की स्थिति सार्वजनिक रूप से स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में वह पहले भी कई चर्चित मामलों की पैरवी कर चुके हैं और वर्तमान में भी कई महत्वपूर्ण मामलों से जुड़े हुए हैं। निकम ने कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस हमेशा इस बात पर जोर देते रहे हैं कि ऐसे मामलों में पूरी निष्ठा और गंभीरता के साथ काम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में कानून का राज कायम रहना सबसे महत्वपूर्ण है और इसी भावना के साथ उन्होंने यह जिम्मेदारी स्वीकार की।

पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री से की थी मुलाकात


इससे पहले शुक्रवार को केतन अग्रवाल के पिता ने पुणे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की थी। उन्होंने मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जल्द न्याय की मांग की। मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और न्याय सुनिश्चित करने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास करेगी।

फास्ट-ट्रैक कोर्ट की मांग भी मंजूर


राज्य सरकार ने इस मामले की सुनवाई के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट गठित करने की मांग को भी मंजूरी दे दी है। साथ ही वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम को विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करने का फैसला भी मंजूर कर लिया गया है।

क्या है केतन अग्रवाल हत्याकांड?

केतन अग्रवाल की 18 जून को पुणे के पास स्थित लोहागढ़ किले से गिरने के बाद मौत हो गई थी। पुलिस इस मामले की हत्या के एंगल से जांच कर रही है। जांच के दौरान केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके मित्र चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।

Updated on:
26 Jun 2026 11:24 pm
Published on:
26 Jun 2026 10:58 pm