राष्ट्रीय

केतन हत्याकांड: 12वीं फेल थी सिया, फिर भी शादी के लिए क्यों बेचैन था केतन, मां पूजा गोयल ने खोला एक और बड़ा राज

12वीं फेल होने के बावजूद सिया से शादी क्यों करना चाहता था केतन? मां पूजा गोयल ने रिश्ते, पढ़ाई और चेतन चौधरी को लेकर कई बातें बताई है।
2 min read
Jun 29, 2026
Ketan Agarwal Murder Case, Siya Goyal, Pune Murder Case, Siya Goyal Mother, Pooja Goyal, Ketan Agarwal News, Chetan Chaudhary, Pune Crime News,
केतन अग्रवाल और सिया गोयल। (Photo: Social Media | Edited by ChatGPT)

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। इस बीच मुख्य आरोपी सिया गोयल की मां पूजा गोयल ने मीडिया से बातचीत में बेटी की पढ़ाई, उसके करियर और केतन अग्रवाल से रिश्ते को लेकर कई अहम बातें कही हैं। उन्होंने दावा किया कि सिया 12वीं की परीक्षा पास नहीं कर सकी थी, लेकिन यह बात केतन और उसके परिवार से कभी छिपाई नहीं गई थी।

12वीं पास नहीं कर सकी, फिर शुरू किया बेकिंग बिजनेस

न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, पूजा गोयल ने बताया कि सिया की पढ़ाई में कभी खास रुचि नहीं थी। वह 12वीं की परीक्षा पास नहीं कर सकी, जिसके बाद उसने घर से ही केक और बेकिंग का कारोबार शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि सिया की शैक्षणिक स्थिति की जानकारी उन्होंने पहले ही केतन की मां और परिवार को दे दी थी।

पूजा गोयल के मुताबिक, इसके बावजूद केतन और उसका परिवार इस रिश्ते के लिए पूरी तरह तैयार था और नवंबर में दोनों की शादी तय थी।

हमने कोई बात नहीं छिपाई

सिया की मां ने यह भी कहा कि परिवार की ओर से केतन के घरवालों से कोई जानकारी नहीं छिपाई गई थी। उन्होंने कहा कि सिया की पढ़ाई से लेकर उसके काम तक हर बात पहले ही बता दी गई थी।

चेतन से रिश्ते पर भी दी सफाई

पूजा गोयल ने सह-आरोपी चेतन चौधरी के साथ सिया के रिश्ते को लेकर भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों की पहली मुलाकात पुणे के मार्केट यार्ड में आयोजित एक क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान हुई थी। हालांकि, उनका दावा है कि जब सिया की केतन से सगाई हुई तब दोनों के बीच कोई प्रेम संबंध नहीं था।

उन्होंने यह भी कहा कि सिया कभी केतन से दूरी नहीं बनाती थी और जब भी केतन का फोन आता था वह उसका जवाब देती थी।

उदयपुर ट्रिप पर भी दिया जवाब

जांच एजेंसियों की नजर सिया की उदयपुर यात्रा पर भी है। इस बारे में पूछे जाने पर पूजा गोयल ने कहा कि उस यात्रा को लेकर उनके पास पूरा स्पष्टीकरण है और वह इसकी जानकारी पहले ही पुलिस को दे चुकी हैं।

दूसरी ओर पुलिस की जांच जारी

उधर, पुलिस इस मामले में कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों और दोनों आरोपियों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस का आरोप है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने मिलकर केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रची थी। दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।

Published on:
29 Jun 2026 07:36 pm