
तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी को रविवार देर शाम बड़ा झटका लगा। पार्टी के 28 सांसदों में से 20 बागी सांसदों ने त्रिपुरा की नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी (NPCI) में विलय का ऐलान किया। बागी गुट का नेतृत्व करने वाली काकोली घोष दस्तीदार ने कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में NDA के साथ काम करेंगे। इस बड़े झटके के बाद तृणमूल कांग्रेस से सांसद महुआ मोइत्रा ने सयानी घोष समेत अन्य सांसदों पर तीखा हमला बोला है। महुआ ने कहा कि हम सब ममता की वजह से सांसद बने हैं।
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत के दौरान महुआ ने कहा कि काकोली घोष, शताब्दी रॉय पिछले महीने हमारे उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार कर रही थीं। महुआ ने आगे कहा कि टीएमसी और ममता बनर्जी एक ही हैं। ममता बनर्जी भावुक इंसान हैं। वह माफ करने वाली में से हैं, लेकिन बीजेपी बेरहम है। तो हमें भी बेरहम बनना पडे़गा। उन्होंने बागी सांसदों को लेकर कहा कि उनके लिए वफादारी की कोई कीमत नहीं है। उन्होंने ममता को धोखा दिया।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में टीएमसी बागी गुट के नेता व नेता प्रतिपक्ष रितब्रत बनर्जी को लेकर महुआ ने कहा कि उन्हें सीपीएम ने निकाल दिया था। वह अकेले थे। ममता बनर्जी ने उन्हें अपनी पार्टी में शामिल किया। राज्यसभा सांसद बनाया। यह TMC की सबसे बड़ी गलती थी। महुआ ने कहा कि वह कुछ महीने पहले तक TMC की सरकार में श्रम मंत्री बनना चाहते थे।