राष्ट्रीय

कर्नाटक के कांग्रेस विधायकों ने दिल्ली में जमाया डेरा, बड़े बदलाव की आहट, क्या होने वाला है?

कर्नाटक के कई कांग्रेस विधायकों ने दिल्ली में डेरा जमा लिया है। कांग्रेस विधायक मंत्रिमंडल विस्तार सहित अन्य मांगों को लेकर दिल्ली में रुके हैं। कर्नाटक कांग्रेस के विधायकों के इस कदम से बड़े बदलाव की आहट नजर आ रही है।
2 min read
Apr 14, 2026
Chhattisgarh congress posting, cg news,
बिलासपुर शहर कांग्रेस कार्यकारिणी की सूची जारी ( Photo - Patrika )

कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के ढाई साल पूरे होने के बाद एक बार फिर पार्टी में आंतरिक कलह साफ दिखाई दे रही है। मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल की मांग को लेकर 30 से अधिक कांग्रेस विधायकों ने दिल्ली में डेरा जमा लिया है। ये विधायक पार्टी हाईकमान से तत्काल मंत्रिमंडल में बदलाव की मांग कर रहे हैं। विधायकों का आरोप है कि सरकार बनने के करीब ढाई साल बीत गए, लेकिन एक बार भी मंत्रिमंडल में फेरबदल नहीं हुआ है।

कर्नाटक कांग्रेस में बगावत के सुर

कर्नाटक कांग्रेस के विधायक दिल्ली में डेरा जमाए हुए हैं। विधायकों का कहना है कि मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं होने से कई वरिष्ठ और नए विधायकों को मंत्री बनने का मौका नहीं मिला है। दिल्ली पहुंचे विधायकों ने कर्नाटक भवन में ब्रेकफास्ट मीटिंग कर सामूहिक मांग पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में ठहरे कांग्रेस विधायक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला और राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे।

क्या है विधायकों की मुख्य मांग?

कांग्रेस विधायकों की मुख्य मांग है कि पहली, दूसरी, तीसरी, चौथी और 5वीं बार के विधायकों के लिए मंत्रिमंडल में अलग-अलग कोटा तय किया जाए। विशेष रूप से पहली बार के 38 विधायकों ने कम से कम 5 मंत्रिपदों की मांग की है। कुछ विधायकों ने कहा कि कई मौजूदा मंत्रियों को कई बार मौका मिल चुका है। अब नए चेहरों को अवसर दिया जाए। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने विधायकों के दिल्ली जाने पर कोई आपत्ति नहीं जताई। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल फेरबदल का फैसला हाईकमान पर निर्भर है। उन्होंने 5 राज्यों के चुनाव नतीजों और बजट सत्र का हवाला देते हुए देरी को जायज ठहराया, लेकिन अब दबाव बढ़ने के बाद फेरबदल संभव बताया।

दिल्ली में कई दिनों तक डेरा जमाएंगे कांग्रेस विधायक

कर्नाटक में वर्तमान में 34 मंत्रियों की स्वीकृत संख्या है, जिसमें 2 पद पहले से खाली हैं। सूत्रों के अनुसार, सिद्धरामय्या शिवकुमार गुट के बीच लीडरशिप मुद्दे पर भी तनाव है। शिवकुमार गुट फेरबदल से पहले सीएम पद पर स्पष्टता चाहता है। रणदीप सिंह सुरजेवाला इन दिनों तमिलनाडु के चुनावी दौरे पर हैं, लेकिन कर्नाटक विधायकों से उनकी मुलाकात का कार्यक्रम प्रस्तावित है। विधायक 3-4 दिन दिल्ली में रुककर हाईकमान पर दबाव बनाए रखने की रणनीति बना रहे हैं। अगर हाईकमान जल्द फैसला नहीं लेता तो पार्टी में बगावत और गहरी हो सकती है।

कर्नाटक कांग्रेस के विधायकों का दिल्ली दौरा, दिल्ली में ठहरे कांग्रेस विधायक, कर्नाटक सरकार, कर्नाटक के सीएम सिद्धरामय्या, Karnataka Congress MLA delhi Visit, Congress MLA Stay in Delhi, Karnataka Government, Karnataka CM Siddaramaiah, कांग्रेस में कलह, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे,

Updated on:
14 Apr 2026 05:57 am
Published on:
14 Apr 2026 05:57 am