
NCP Sharad Pawar MPs Meetting with PM Modi: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़े सियासी फेरबदल के संकेत मिल रहे हैं। केंद्र सरकार द्वारा लाए जाने वाले परिसीमन संशोधन विधेयक की चर्चाओं के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के सभी 8 सांसद सोमवार, 10 अगस्त को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। सांसदों की इस महत्वपूर्ण बैठक के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय से समय मांगा गया है।
पार्टी की लोकसभा ग्रुप लीडर और सांसद सुप्रिया सुले ने इस प्रस्तावित मुलाकात को एक आधिकारिक बैठक बताया है। हालांकि, देश के सियासी गलियारों में शरद पवार गुट के सांसदों की प्रधानमंत्री से होने वाली इस मुलाकात को लेकर तरह-तरह के कयास और अटकलें लगाई जा रही हैं।
संसद में परिसीमन बिल समेत कई अहम विधेयकों पर जारी मंथन के बीच इस मुलाकात को बेहद खास माना जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि शरद पवार की पार्टी परिसीमन बिल का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन कर सकती है।
इसके अलावा, राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी जोरों पर है कि क्या भविष्य में एनसीपी (एसपी) और एनडीए के बीच कोई नया राजनीतिक समीकरण बन सकता है। हालांकि, सुप्रिया सुले ने किसी भी राजनीतिक उलटफेर की संभावनाओं से इनकार किया है। उनका कहना है कि यह बैठक पूरी तरह से सांसदों के संसदीय क्षेत्रों के विकास और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा के लिए बुलाई गई है।
सूत्रों के मुताबिक, यदि परिसीमन संशोधन विधेयक के तहत देशभर में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का प्रस्ताव आता है तो शरद पवार की पार्टी इसका समर्थन कर सकती है।
हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में इस प्रकार के प्रस्ताव पर चर्चा हुई थी। बताया जा रहा है कि इस बैठक में न केवल शरद पवार की एनसीपी, बल्कि शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और डीएमके (DMK) ने भी 50 फीसदी सीटें बढ़ाने के विचार पर सहमति जताई थी।
हाल ही में उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना (यूबीटी) में बड़ी टूट देखने को मिली थी, जब उनके 6 सांसद एकनाथ शिंदे गुट में शामिल हो गए थे। इसके बाद से ही महाराष्ट्र में शरद पवार की पार्टी में भी सेंधमारी की खबरें लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। हालांकि, इन अटकलों पर अब तक शरद पवार या सुप्रिया सुले की तरफ से कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगाई गई है।