8 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पीएम मोदी और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से मिले सीएम योगी, यूपी चुनाव से पहले तेज हुई हलचल

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की है। जानिए इस दौरे के क्या मायने निकाले जा रहे हैं।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Rahul Yadav

Aug 08, 2026

Yogi Adityanath, PM Modi, Narendra Modi, Nitin Nabin, Yogi Adityanath Delhi Visit, Yogi Modi Meeting, Yogi Adityanath PM Modi Meeting, Nitin Nabin Meeting

पीएम मोदी से दिल्ली में मुलाकात करते हुए सीएम योगी (फोटो - एएनआई)

CM Yogi Meet PM Modi and Nitin Nabin: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिल्ली दौरे ने यूपी में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। अपनी इस यात्रा के दौरान सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की है। इन बैठकों के बाद से यूपी में 2027 के चुनाव की रणनीतियों और प्रशासनिक बदलावों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 1 घंटे तक चला मंथन

दिल्ली पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने उनके आवास पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच यह अहम बैठक करीब एक घंटे तक चली। इस दौरान उत्तर प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों, प्रशासनिक मुद्दों और केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जमीनी प्रगति को लेकर विस्तार से बातचीत हुई।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से हुई संगठन पर चर्चा

प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भेंट की। सीएम योगी ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीर साझा करते हुए इसे एक शिष्टाचार मुलाकात बताया। हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस दौरान पार्टी संगठन को और मजबूत करने तथा राज्य में सरकार व संगठन के बीच बेहतर तालमेल बिठाने को लेकर अहम चर्चा हुई है।

मेरठ में कांवड़ियों पर की थी पुष्पवर्षा

दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ पहुंचे थे। यहां उन्होंने सावन के दौरान जलाभिषेक के लिए जा रहे कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। योगी ने कहा कि सैकड़ों किलोमीटर की पदयात्रा कर रहे शिवभक्त भक्ति, अनुशासन और समर्पण का संदेश दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान के लिए सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

क्यों अहम माना जा रहा है सीएम योगी का यह दौरा?

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, जब भी उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य के मुख्यमंत्री शीर्ष नेतृत्व और प्रधानमंत्री से इस तरह अचानक मिलते हैं तो उसके पीछे गहरे राजनीतिक व प्रशासनिक संदेश होते हैं। आगामी राजनीतिक गतिविधियों, संगठन से जुड़े फैसलों और यूपी के भावी एजेंडे के लिहाज से इस दौरे को बेहद खास माना जा रहा है। इन ताबड़तोड़ मुलाकातों के बाद से ही बैठकों और कयासों का दौर जारी है।