राष्ट्रीय

NCRB Report 2024: महिलाओं और बुजुर्गों के लिए सुरक्षित नहीं है दिल्ली, सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े

NCRB Report 2024 के अनुसार दिल्ली में महिलाओं, बुजुर्गों और नाबालिगों से जुड़े अपराध सबसे ज्यादा दर्ज किए गए हैं। राजधानी में रेप, किडनैपिंग और चोरी के मामलों ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
2 min read
• •
Updated: 7 May 2026, 10:15 AM IST
NCRB Report 2024
महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित बनी दिल्ली (सोर्स-AI)

NCRB Report 2024: राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की ताजा क्राइम इन इंडिया रिपोर्ट 2024 ने दिल्ली की कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खडे किए हैं। दिल्ली में महिलाओं और बुजुर्गों के खिलाफ अपराध सबसे बड़ी चिंता बने हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में एक बार फिर देश के 19 बड़े महानगरों में महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के खिलाफ सबसे ज्यादा अपराध दर्ज किए गए हैं। रिपोर्ट ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। साथ ही जुवेनाइल अपराध भी दिल्ली में सबसे ज्यादा दर्ज हुए हैं।

महिलाओं के खिलाफ अपराध में दिल्ली सबसे आगे

रिपोर्ट के अनुसार साल 2024 में दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ 13 हजार से ज्यादा मामले दर्ज हुए, जो देश के सभी बड़े शहरों में सबसे ज्यादा हैं। इनमें 1058 रेप के मामले भी शामिल हैं, जिसने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। इस मामले में जयपुर दूसरे नंबर पर रहा, लेकिन दिल्ली और बाकी शहरों के आंकड़ों में काफी बड़ा फर्क देखने को मिला। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली में शिकायत जल्दी दर्ज हो जाती है, इसलिए यहां मामलों की संख्या ज्यादा दिखाई देती है। रिपोर्ट के अनुसार दर्ज रेप मामलों में 1,044 मामलों में पर्याप्त सबूत नहीं मिले। इसके बाद भी ये केस आधिकारिक आंकडों का हिस्सा बने हुए हैं।

बुजुर्गों के खिलाफ भी चिंताजनक अपराध

बुजुर्गों के खिलाफ अपराध के मामलों में भी दिल्ली सबसे आगे रही। साल 2024 में ऐसे 1267 मामले दर्ज किए गए। रिपोर्ट के अनुसार बड़े शहरों में बुजुर्गों के खिलाफ दर्ज कुल मामलों में करीब 30% केस अकेले दिल्ली से हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि अकेले रहने वाले बुजुर्ग अपराधियों के आसान निशाने बन रहे हैं।

चोरी और जुवेनाइल क्राइम का ट्रेंड

NCRB रिपोर्ट में एक चौंकाने वाला आंकड़ा चोरी के मामलों को लेकर भी सामने आया। देशभर में दर्ज चोरी के कुल मामलों में लगभग 30% केस अकेले दिल्ली में दर्ज हुए। 2024 में राजधानी में 1.80 लाख से ज्यादा चोरी के मामले सामने आए। साथ ही दिल्ली में जुवेनाइल क्राइम रेट 41.6 प्रतिशत रहा, जो देश के औसत से कई गुना ज्यादा है। साल 2024 में ऐसे 2,306 मामले दर्ज किए गए। वहीं अपहरण और किडनैपिंग के 5580 मामले दर्ज किए गए, जो सभी बड़े शहरों में सबसे ज्यादा हैं। वहीं साइबर क्राइम के 404 मामले सामने आए, जो पिछले सालों के मुकाबले थोड़े कम रहे।

आपको बता दें कि दिल्ली में 2024 के दौरान कुल अपराध के मामलों में करीब 15% की गिरावट दर्ज की गई। इसके बावजूद राजधानी अब भी अपराध के आंकड़ों में देश के दूसरे बड़े शहरों से काफी आगे है।