30 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिल्ली में बंदूक की नोक पर नाबालिग से की थी दरिंदगी, सामूहिक दुष्कर्म मामले का मुख्य आरोपी गुलजार गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने पालम गांव में नाबालिग लड़के के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले मुख्य आरोपी गुलजार उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 2024 से फरार था।

2 min read
Google source verification
Delhi gang rape case

नाबालिग लड़के के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले मुख्य आरोपी गुलजार उर्फ सोनू को गिरफ्तार

Delhi Crime News: दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने करीब डेढ़ साल पहले पालम गांव इलाके में एक नाबालिग लड़के के साथ हुए रोंगटे खड़े कर देने वाले सामूहिक दुष्कर्म के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस जघन्य अपराध के मुख्य और फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो पिछले कई महीनों से कानून की पकड़ से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।

डेढ़ साल से चल रहा था फरार

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी की पहचान 30 वर्षीय गुलजार उर्फ सोनू के रूप में हुई है। गुलजार को बुधवार को पालम गांव इलाके से ही दबोचा गया। गौरतलब है कि अक्टूबर 2024 में हुई इस वारदात के बाद से ही वह पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था, जबकि उसके तीन अन्य साथियों—अजय, नीरज और कमल को स्थानीय पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी से लगातार बचते रहने के कारण अदालत ने दिसंबर 2025 में उसे भगोड़ा (Proclaimed Offender) घोषित कर दिया था।

पिस्तौल दिखाकर नाबालिग से की थी दरिंदगी

अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पंकज कुमार ने बताया कि इस पूरे मामले में गुलजार की भूमिका सबसे अहम और क्रूर थी। उसने ही पिस्तौल के बल पर पीड़ित नाबालिग लड़के को डराया-धमकाया था। आरोपियों ने न केवल मासूम के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, बल्कि उस पर ब्लेड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल भी कर दिया था। इस भयानक कृत्य के बाद पालम गांव थाने में पोक्सो (POCSO) एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस टीम ने जाल बिछाकर दबोचा

लगातार ठिकाने बदलने के बावजूद, अपराध शाखा की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गुलजार पालम गांव आने वाला है। इस इनपुट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने इलाके में जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, उसे दबोच लिया गया। पूछताछ के दौरान गुलजार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि कैसे उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को बंदूक दिखाकर मौत का खौफ पैदा किया और इस घिनौने अपराध को अंजाम दिया।