
(Photo- Video Screenshot From X)
Delhi hit-and-run: दिल्ली के डाबरी इलाके में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार डिलीवरी एजेंट को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डिलीवरी एजेंट फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली के डाबरी फ्लाईओवर पर हुए इस दर्दनाक हादसे की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि गुरुवार सुबह लगभग 7:35 बजे एक पीसीआर कॉल के जरिए इस घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। यह भीषण दुर्घटना पंखा रोड स्थित डाबरी फ्लाईओवर पर उस वक्त हुई, जब एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटर सवार अनियंत्रित होकर सीधे फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा। हादसे में अपनी जान गंवाने वाले इस 28 वर्षीय युवक की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झारखंड के गोड्डा जिले का निवासी था। राजकुमार अपनी रोजी-रोटी कमाने के लिए दिल्ली आया था और यहां एक निजी फूड डिलीवरी सर्विस में बतौर डिलीवरी एग्जीक्यूटिव काम कर अपनी सेवाएं दे रहा था। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजकुमार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। फिलहाल पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश के साथ-साथ मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान पुलिस को फ्लाईओवर पर क्षतिग्रस्त स्कूटर और कार दोनों मिले। बता दें कि घटना के बाद आरोपी कार चालक एक्सीडेंट होने के बाद अपनी वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया। वहीं, इस मामले में पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल कार का नंबर दिल्ली की है, जो डाबरी के रहने वाले एक शख्स के नाम पर पंजीकृत है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है और फरार चालक की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। वहीं, इस पूरे प्रकरण में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।
Updated on:
30 Apr 2026 03:09 pm
Published on:
30 Apr 2026 03:08 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
