
Nishikant Dubey- Mallikarjun Kharge: नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर की गई टिप्पणी पर सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने इस मुद्दे पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार के बावजूद कांग्रेस पार्टी उस सदमे से नहीं उबर पाई है। दुबे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी की स्थिति बिगड़ चुकी है और उसके शीर्ष नेतृत्व में मल्लिकार्जुन खरगे से लेकर राहुल गांधी तक शामिल हैं।
दिल्ली में खरगे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए निशिकांत दुबे ने 1971-72 के दौर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश युद्ध के बाद तत्कालीन अमरीकी नेताओं हेनरी किसिंजर और रिचर्ड निक्सन ने इंदिरा गांधी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। उस समय संसद में अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी जैसे भाजपा नेताओं ने भी इंदिरा गांधी का बचाव किया था, क्योंकि वह देश की प्रधानमंत्री थीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पद पर बैठे व्यक्ति के प्रति इस तरह की भाषा बर्दाश्त नहीं की जा सकती।
भाजपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस लगातार चुनाव हारने के बाद भी उस झटके से उबर नहीं पाई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पार्टी को लगता है कि उसे अगले 10-20 साल तक विपक्ष में ही बैठना पड़ेगा। दुबे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व मल्लिकार्जुन खरगे से लेकर राहुल गांधी तक है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के बयानों को लेकर भी सवाल उठाए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर खरगे के बयान के बाद भाजपा के कई नेता कांग्रेस पर निशाना साध चुके हैं। भाजपा नेताओं ने बयान को अनुचित बताते हुए माफी की मांग की है, जबकि इस मुद्दे पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।