पीएम मोदी के कार्यकाल के 12 साल पूरे हो गए हैं। इन बीते 12 सालों में मोदी सरकार ने कई बड़े फैसले लिए हैं। जिनमें अग्निवीर योजना, आयुष्मान भारत योजना, नीति आयोग का गठन और नोटबंदी जैसे फैसले शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के कार्यकाल को मंगलवार को 12 साल पूरे हो गए हैं। साल 2014 में 26 मई को नरेंद्र मोदी ने देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी को उनके कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा कि 26 मई 2014 को भारत की विकास यात्रा में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई। जिस दिन नरेंद्र मोदी ने भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली, वह दिन देश में शासन-व्यवस्था, नेतृत्व और राष्ट्रीय संकल्प में एक निर्णायक परिवर्तन का प्रतीक बन गया।
आर्थिक विकास और सामाजिक कल्याण से लेकर आत्मनिर्भर भारत और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन तक, आधारभूत संरचना के विस्तार से लेकर वैश्विक मंच पर भारत की मजबूत मौजूदगी और सशक्त राष्ट्रीय सुरक्षा नीति तक, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने अभूतपूर्व गति के साथ प्रगति की है। आज भारत पहले से कहीं अधिक मजबूत, आत्मविश्वासी और गौरवपूर्ण राष्ट्र के रूप में पूरे विश्व के सामने खड़ा है।आज भारत की विकास गाथा पहले से कहीं अधिक समावेशी और लोककल्याणकारी बनी है।
वहीं, साल 2014 से लेकर 2026 तक पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने कई बड़े फैसले लिए। जिसका सीधा असर लोगों के जीवन पर पड़ा। यही नहीं, मोदी सरकार के इन फैसलों ने देश की राजनीतिक दिशा भी बदल दी।