राष्ट्रीय

‘यूट्यूबर्स ने देश को बर्बाद कर दिया’, क्यों भड़के पप्पू यादव? बोले- वे प्रधानमंत्री के साथ बैठते हैं

Pappu Yadav Angry On Youtubers: पप्पू यादव ने यूट्यूबर्स और बड़े मीडिया संस्थानों पर नाराजगी जाहिर की है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी बयान दिया है।

2 min read
Jun 13, 2026
Purnia MP Pappu Yadav
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव (फोटो- आईएएनएस)

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में चल रही अंदरूनी उथल-पुथल ने पूरे देश की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। इस बीच, पूर्णिया सांसद पप्पू यादव युट्यूबर्स और बड़े मीडिया संस्थानों पर भड़क उठे हैं।

पप्पू यादव ने टीएमसी में फूट पर मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए तीखा बयान दिया है। उन्होंने मीडिया से सख्त अंदाज में पूछा कि क्या टीएमसी का बंटवारा अब तय हो चुका है?

उन्होंने कहा कि आम आदमी के लिए लड़ने वाले नेताओं को लोग पसंद नहीं करते, यही वजह है कि मीडिया और यूट्यूबर्स इन पर लगातार हमला बोल रहे हैं।

'देश को बर्बाद कर दिया है'

पप्पू यादव ने कहा कि जो नेता गरीब, दलित, कमजोर वर्ग और सामाजिक न्याय के लिए आवाज उठाते हैं, उन्हें देश का नुकसान पहुंचाने वाला बताया जाता है।

ये यूट्यूबर्स, बड़े मीडिया हाउस और प्रभावशाली लोग मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के साथ बैठते हैं। इन्हीं लोगों ने देश को बर्बाद कर दिया है।

इसके अलावा, पप्पू यादव ने विदेश में भारतीयों पर हमले पर केंद्र सरकार की चुप्पी पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा- तीन भारतीय मारे गए, 124 पर हमला हुआ और सौ से ज्यादा भारतीय एक महीने से भूखे-प्यासे बैठे हैं, फिर भी कोई जवाब नहीं। प्रधानमंत्री खुद को बहुत बहादुर बताते हैं, लेकिन ये हालात हैं। उन्होंने पूछा कि आखिर सरकार की प्राथमिकता क्या है?

NEET पेपर लीक पर भी पप्पू यादव ने दिया बयान

पप्पू यादव ने नीट पेपर लीक और सीबीएसई की कमियों को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक और सीबीएसई की कमियों के बावजूद प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कहते हैं कि सब कुछ ठीक है।

उन्होंने कहा- आप सिर्फ सुरक्षा के मुद्दे पर ध्यान देते हैं, दूसरों के घरों की तलाशी लेते हैं – चाहे ममता दीदी का घर हो या कोई और। बिहार में क्या हो रहा है, इस पर आपकी नजर नहीं जाती।

आम आदमी के मुद्दों से ध्यान भटकाना?

पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि असली लड़ाई गरीबों और वंचितों के हक की है, लेकिन मीडिया इसे कवर नहीं करता। उन्होंने कहा- जो नेता सिस्टम के खिलाफ खड़े होते हैं, उन्हें निशाना बनाया जाता है। टीएमसी में चल रही अंदरूनी कलह को भी उन्होंने इसी कड़ी में देखा।

पप्पू यादव का बयान ऐसे समय आया है जब तृणमूल कांग्रेस में कुछ नेताओं के बीच असंतोष की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। कई कार्यकर्ता और स्थानीय नेता पार्टी की दिशा पर सवाल उठा रहे हैं।

Updated on:
13 Jun 2026 04:00 pm
Published on:
13 Jun 2026 03:32 pm